नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जम्मू कश्मीर की रहने वाली 26 वर्षीय मशहूर आरजे सिमरन सिंह की आत्महत्या से उनके फैंस सकते में हैं। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित किराए के कमरे में उनका शव फंदे पर लटका मिला है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मौत का कारण आत्महत्या बताया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मिली जानकारी के अनुसार आरजे सिमरन सिंह गुरुग्राम सेक्टर 47 में कोठी नंबर 58 में अपने दूसरे दोस्तों के साथ मिलकर किराए से रह रहीं थीं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
हालांकि इस मामले में गुरुग्राम के पुलिस अधिकारी ने बताया कि मशहूर आरजे की आत्महत्या मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है और न ही कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस अपने तरीके से मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर रहती थी बहुत एक्टिव
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सिमरन फ्रीलांसर रेडियो जॉकी का काम कर रही थीं। वे सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 7 लाख 11 हजार फॉलोअर्स हैं। उन्हें सोशल मीडिया पर ‘जम्मू की धड़कन’ कहा जाता था। उन्होंने 13 दिन पहले अपना आखिरी वीडियो पोस्ट किया था, इसमें कैप्शन दिया था “अंतहीन खिलखिलाहट और अपने गाउन के साथ समुद्र तट पर बस एक लड़की।” सिमरन की अचानक आत्महत्या से सोशल मीडिया पर उनके फैंस भी हैरान हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स कर रहे कमेंट
सिमरन की मौत पर सोशल मीडिया पर कई कमेंट आए हैं। एक यूजर ने लिखा कि “मुझे लगता है सुसाइड नहीं किया होगा यह मर्डर ही है। आत्महत्या के पीछे वजह होती है। इतनी स्ट्रांग खूबसूरत कॉन्फिडेंट यंग और कामयाब लड़की अचानक बिना कुछ कहे बिना कुछ बताए, बिना कुछ नोट छोड़े, बिना कोई वीडियो बनाए सुसाइड कर लेगी? अपनी हर बात को लेकर वीडियो बना रही है। वह आत्महत्या को लेकर कोई रिएक्ट नहीं करती। क्या अपने मेंटल हेल्थ को लेकर कोई रिएक्ट नहीं करती? ”
सिमरन के दोस्त ने बुधवार की रात 9 बजे पुलिस को सूचना दी थी कि सिमरन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है और बार-बार प्रयास के बाद भी वह दरवाजा नहीं खोल रही। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर सिमरन का शव फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही सिमरन के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई।





