नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आज भारत 15 अगस्त 2025 को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस आज जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी देशभक्ति का रंग सिर्फ सड़कों और झंडा रैलियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी इसका असर साफ नजर आएगा। अगर आप इस खास दिन पर बाहर नहीं जा रहे और परिवार के साथ घर पर ही जश्न मनाने की सोच रहे हैं, तो ओटीटी पर मौजूद ये देशप्रेम से भरी फिल्में आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं।
इन फिल्मों के हर फ्रेम में स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, सैनिकों की बहादुरी और देश के प्रति प्रेम झलकता है। यह प्लेलिस्ट आपको न सिर्फ मनोरंजन देगी, बल्कि आपको आजादी की असली कीमत और उन अनगिनत बलिदानों की गहराई भी महसूस कराएगी, जिनके बिना आज का भारत संभव नहीं था। तो इस 15 अगस्त तिरंगा लहराएं और इन शानदार फिल्मों के साथ देशप्रेम का अनुभव घर बैठे उठाएं।
15 अगस्त पर देखें ये शानदार देशभक्ति फिल्में
1. द लीजेंड ऑफ भगत सिंह
अगर आप आजादी की लड़ाई की असल तस्वीर देखना चाहते हैं, तो राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ एक परफेक्ट मूवी हो सकती है। इसमें अजय देवगन ने शहीद भगत सिंह की भूमिका निभाकर न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि उन्हें इतिहास से भी जोड़ा। फिल्म में भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को बेहद असरदार और भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है। आप इसे Amazon Prime Video पर देख सकते हैं।
2. बॉर्डर
जेपी दत्ता की इस क्लासिक वॉर फिल्म में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर लड़े गए लौंगेवाला के ऐतिहासिक युद्ध को बेहद प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है। सनी देओल, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी और अक्षय खन्ना जैसे कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस, दमदार संवाद और दिल छू लेने वाला संगीत इस फिल्म को एक देशभक्ति से भरपूर सिनेमाई अनुभव बनाते हैं। इस फिल्म को आप Amazon Prime Video पर देख सकते हैं।
3. राजी
‘राज़ी’ एक ऐसी ही कहानी है, जिसमें आलिया भट्ट ने एक युवा कश्मीरी लड़की सहमत का किरदार निभाया है, जो शादी के बाद पाकिस्तान जाकर भारतीय खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करती है। फिल्म में विक्की कौशल भी अहम भूमिका में हैं और मेघना गुलजार का निर्देशन इसे एक परिपक्व, भावनात्मक और रोमांचक अनुभव बनाता है। ‘राज़ी’ देश के लिए निस्वार्थ बलिदान और व्यक्तिगत संघर्ष की अनकही कहानियों को सामने लाती है। यह फिल्म Amazon Prime Video पर उपलब्ध है।
4. उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
विक्की कौशल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ सिर्फ एक युद्ध फिल्म नहीं, बल्कि भारत के पराक्रम और बदले की कार्रवाई की सच्ची कहानी है। यह फिल्म 2016 में उरी हमले के जवाब में की गई भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक को दमदार तरीके से दर्शाती है। यह फिल्म ZEE5 पर उपलब्ध है।
5. रंग दे बसंती
राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित ‘रंग दे बसंती’ आमिर खान, सोहा अली खान, आर. माधवन और शरमन जोशी जैसे सितारों से सजी है, जो आजादी को युवाओं की नजर से देखने की एक बेहद खास कोशिश है। फिल्म में जहां एक ओर दोस्ती और मस्ती की हल्की-फुल्की झलक है, वहीं दूसरी ओर क्रांति, जागरूकता और बलिदान का गहरा संदेश भी छिपा है। इसे आप Netflix पर देख सकते हैं।
6. ‘फाइटर’
ऋतिक रोशन, दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर स्टारर एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘फाइटर’ देश के जांबाज वायुसेना अफसरों की बहादुरी को पर्दे पर उतारती है। यह कहानी पुलवामा आतंकी हमले और बालाकोट एयरस्ट्राइक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म के दमदार एक्शन सीक्वेंस और देशभक्ति से ओतप्रोत संवाद दर्शकों को रोमांच और गर्व से भर देते हैं। यह फिल्म Netflix पर उपलब्ध है।
7. ‘मणिकर्णिका’
बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ में रानी लक्ष्मीबाई का किरदार निभाकर नारी शक्ति और वीरता की एक प्रेरक मिसाल पेश की है। फिल्म की कहानी ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ झांसी की रानी के संघर्ष और बलिदान को बेहद प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करती है। यह फिल्म Amazon Prime Video पर देखने के लिए उपलब्ध है।





