नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड की ज्यादातर फिल्में बिना किसी दमदार विलेन के अधूरी लगती हैं। हिंदी सिनेमा में कई ऐसे कलाकार हुए हैं, जिन्होंने निगेटिव रोल निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। कुछ फिल्मों में तो हालात ऐसे बने कि हीरो की चमक फीकी पड़ गई और तालियां मिली सिर्फ खलनायक को। विलेन के किरदार सिर्फ कहानी में टकराव लाने के लिए नहीं होते, बल्कि कई बार वे ही फिल्म की जान बन जाते हैं। हालांकि परंपरागत रूप से ज्यादातर फिल्मों का फोकस हीरो पर होता है, लेकिन कई बार ऐसे मौके भी आए हैं जब विलेन की परफॉर्मेंस ने सारी लाइमलाइट लूट ली। आइए नजर डालते हैं उन दमदार कलाकारों पर जिन्होंने विलेन बनकर न सिर्फ कहानी को यादगार बनाया बल्कि दर्शकों का दिल भी जीत लिया।
मनोज बाजपेयी
राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘सत्या’ में भले ही जेडी चक्रवर्ती मुख्य भूमिका में थे, लेकिन असली स्टार तो मनोज बाजपेयी साबित हुए। उन्होंने फिल्म में गैंगस्टर भीकू महात्रे का किरदार निभाया, जो आज भी क्लासिक कैरेक्टर्स में गिना जाता है। उनकी दमदार एक्टिंग ने दर्शकों को इतना प्रभावित किया कि हीरो कहीं पीछे छूट गया। इस रोल के लिए मनोज बाजपेयी को न सिर्फ भारी सराहना मिली, बल्कि कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी उनके नाम हुए।
इरफान खान
तिग्मांशु धूलिया की फिल्म ‘हासिल’ में इरफान खान ने एक ऐसा विलेन निभाया जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फिल्म में भले ही जिमी शेरगिल मुख्य भूमिका में थे, लेकिन असली असर इरफान के किरदार का रहा। उनका रोल लंबे समय तक दर्शकों के जहन में छा गया।
ऋतिक रोशन
‘विक्रम वेधा’ में जहां सैफ अली खान पुलिस अफसर विक्रम की भूमिका में नजर आए, वहीं ऋतिक रोशन ने गैंगस्टर वेधा का किरदार निभाया। आमतौर पर पॉजिटिव और हीरोइक रोल्स में दिखने वाले ऋतिक ने इस फिल्म में अपने विलेन के किरदार से सभी को चौंका दिया। उनका लुक, एकिंट के अंदाज ने दर्शकों पर ऐसा असर छोड़ कि विलेन बनकर भी वे पूरी फिल्म पर हावी रहे।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी
टाइगर श्रॉफ भले ही ‘मुन्ना माइकल’ और ‘हीरोपंती 2’ में बतौर हीरो नजर आए हों, लेकिन इन दोनों फिल्मों में असली ध्यान खींचा नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने। उन्होंने अपने अनोखे अंदाज, तीखे डायलॉग्स और सधी हुई अदाकारी से विलेन के रोल को ऐसा जीवंत बना दिया कि दर्शक उन्हें देखने के लिए स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाए।
रणवीर सिंह
संजय लीला भंसाली की भव्य फिल्म ‘पद्मावत’ में जहां शाहिद कपूर ने राजा रतन सिंह का किरदार निभाया, वहीं रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका में ऐसी परफॉर्मेंस दी कि पूरी लाइमलाइट उन्हीं के हिस्से आ गई। रणवीर ने खिलजी के किरदार को ऐसा निभाया कि दर्शक हैरान रह गए।
संजय दत्त
अक्सर हीरो की भूमिका निभाने वाले संजय दत्त ने ‘खलनायक’ में जब बल्लू नाम का विलेन किरदार निभाया, तो दर्शक उनकी परफॉर्मेंस देखकर दंग रह गए। फिल्म में जैकी श्रॉफ भले ही पुलिस अफसर और हीरो के रोल में थे, लेकिन संजय दत्त की एक्टिंग और स्टाइलिश नेगेटिव किरदार ने उन्हें भी पीछे छोड़ दिया।
शाहरुख खान
शाहरुख खान को भले ही रोमांटिक हीरो के तौर पर जाना जाता हो, लेकिन ‘डर’ में उनका विलेन अवतार भी उतना ही यादगार रहा। फिल्म में सनी देओल मुख्य नायक की भूमिका में थे, मगर शाहरुख के किरदार ने फिल्म पर अलग छाप छोड़ दी। इस फिल्म से शाहरुख ने साबित कर दिया कि वो न सिर्फ रोमांस के बादशाह हैं, बल्कि एक खतरनाक विलेन के रूप में भी दर्शकों का दिल जीत सकते हैं।





