नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड में हॉरर जॉनर फिर से अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। पिछले कुछ सालों में हॉरर कॉमेडी और सीक्वल फिल्मों का दबदबा रहा, लेकिन 2026 में दर्शकों को कुछ बिल्कुल नया देखने को मिलेगा। इस साल कई ऐसी हॉरर फिल्में रिलीज होंगी जो किसी फ्रैंचाइजी से जुड़ी नहीं हैं। इन फिल्मों में नई कहानियां, नए किरदार और डराने वाले दृश्य होंगे, जो थिएटर में बैठे दर्शकों की रूह कंपा देंगे। इस लिस्ट में कई बड़े नाम भी शामिल हैं, जिनमें अक्षय कुमार की अपकमिंग हॉरर फिल्म भी शामिल है। आइए जानते हैं, 2026 में कौन-कौन सी हॉरर फिल्मों की रिलीज होने वाली है।
भूत बंगला
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी 14 साल बाद हॉरर-कॉमेडी के जरिए बड़े पर्दे पर लौट रही है। उनकी नई फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर फैंस में पहले ही जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि दोनों ने साथ में कई हिट फिल्में दी हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा तब्बू, वामिका गब्बी, मनोज जोशी और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह हॉरर-कॉमेडी 2 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब देखना यह होगा कि क्या ‘भूत बंगला’ दर्शकों को हँसी और डर दोनों का तड़का देते हुए बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा पाएगी।
वीवन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट
साल 2026 की हॉरर फिल्मों में ‘वीवन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ भी शामिल है, जो मिस्ट्री और सस्पेंस से भरपूर बताई जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन अरुणभ कुमार और दीपक कुमार ने किया है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया, जिसने फैंस में उत्साह की लहर दौड़ा दी है। इस हॉरर-थ्रिलर को 15 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
शक्ति शालिनी
साल 2026 की हॉरर फिल्मों की सूची में ‘शक्ति शालिनी’ भी शामिल है। फिल्म की शूटिंग इस समय जोर-शोर से चल रही है और इसे लेकर फैंस में उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इस हॉरर-कॉमेडी का निर्देशन आदित्य सरपोतदार कर रहे हैं और यह मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में सैयारा फेम अनीट पड्डा भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आएंगी। ‘शक्ति शालिनी’ 24 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
हॉरर फिल्मों के भी बन सकते हैं सीक्वल
साल 2026 में सिर्फ नई हॉरर फिल्में ही नहीं, बल्कि कुछ लोकप्रिय हॉरर फ्रैंचाइजियों के सीक्वल भी रिलीज होने की संभावना है। फैंस को वरुण धवन की ‘भेड़िया 2’, ‘तुम्बाड 2’ और ‘हॉन्टेड 3 डी: घोस्ट ऑफ पास्ट’ जैसी फिल्मों का इंतजार है। हालांकि इन फिल्मों की आधिकारिक रिलीज डेट अभी तक सामने नहीं आई है।





