नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके कारोबारी पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। मुंबई के एक व्यवसायी ने इस सेलिब्रिटी कपल पर 60.48 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। मामला इतना बड़ा है कि इसकी जांच अब मुंबई आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंपी गई है।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी, जो Lotus Capital Financial Services के निदेशक हैं, ने आरोप लगाया है कि उन्होंने वर्ष 2015 से 2023 के बीच Best Deal TV Pvt Ltd में निवेश के तौर पर शिल्पा-राज को करोड़ों रुपये दिए थे। शुरुआत में यह राशि 75 करोड़ रुपये के लोन के रूप में मांगी गई थी, लेकिन टैक्स के झंझट से बचने के लिए इसे निवेश में बदल दिया गया।
कोठारी के मुताबिक, उन्होंने 12% सालाना ब्याज के वादे पर यह राशि दी थी और अप्रैल 2015 में पहली किस्त के रूप में करीब ₹31.95 करोड़ ट्रांसफर की। जुलाई 2015 से मार्च 2016 के बीच और रकम दी गई, जिससे कुल राशि ₹60.48 करोड़ हो गई। साथ ही ₹3.19 लाख का स्टांप शुल्क भी वहन किया गया।
शिल्पा की ‘गारंटी’ और राज की चुप्पी
कोठारी का दावा है कि शिल्पा शेट्टी ने उन्हें अप्रैल 2016 में व्यक्तिगत गारंटी भी दी थी। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से, कुछ ही महीनों बाद शिल्पा ने सितंबर 2016 में कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। इसके तुरंत बाद कंपनी पर ₹1.28 करोड़ के दिवालियापन की प्रक्रिया शुरू हो गई, जिसकी जानकारी निवेशक को नहीं दी गई।
शिकायतें अनसुनी, मामला दर्ज
जब कोठारी ने बार-बार अपनी राशि की वापसी के लिए संपर्क किया तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने जुहू पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसे अब बड़ी राशि होने के चलते EOW को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और धोखाधड़ी, जालसाजी और साजिश की धाराओं में जांच शुरू हो गई है।
कपल की सफाई: “पुराना मामला, कोई आपराधिक इरादा नहीं”
वहीं, शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के वकील ने इन आरोपों को “बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण” करार दिया है। उनका कहना है कि यह मामला पूरी तरह से सिविल प्रकृति का है, न कि आपराधिक। वकील का यह भी कहना है कि NCLT (नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल) ने इस पर अक्टूबर 2024 में फैसला दिया था, जिसमें धोखाधड़ी का कोई प्रमाण नहीं मिला।मामला अब जांच के अधीन है और कानून के अनुसार कार्रवाई जारी है।
अब क्या होगा?
अब सारी निगाहें EOW की जांच पर टिकी हैं। क्या यह मामला वाकई एक कारोबारी निवेश विवाद है या फिर एक सोची-समझी साजिश? यह आने वाले दिनों में साफ होगा। बता दे इससे पहले भी शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा का नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है फिर वो चाहे वो ऐप स्कैंडल हो या पोर्न रैकेट केस। अब यह नया मामला आरोबिजनेस में निवेश के नाम पर पैसा लेकर निजी खर्चों में उड़ाया, पर्सनल गारंटी दी, फिर कंपनी से इस्तीफा, अब EOW कर रही मामले की जांच।





