नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । धर्मेंद्र से अस्पताल में मिलने के एक दिन बाद ही बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को अस्पताल ले जाना पड़ा। रिपोर्ट्स के अनुसार, गोविंदा बेहोश हो गए थे और तुरंत उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की अचानक तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, गोविंदा बेहोश हो गए थे और तुरंत उन्हें जुहू क्रिटिकेयर अस्पताल ले जाया गया। इससे एक दिन पहले ही वह ब्रीच कैंडी अस्पताल में धर्मेंद्र से मिलने गए थे। अब गोविंदा को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है, और उनके स्वास्थ्य पर नजर बनी हुई है।
फिलहाल उनकी हालत स्थिर
मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदा थोड़े असहज महसूस कर रहे थे। उनके सभी मेडिकल टेस्ट्स पूरे हो चुके हैं और अब रिपोर्ट्स व न्यूरो कंसल्टेशन की राय का इंतजार है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। मंगलवार को घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
लाइसेंसी रिवॉल्वर से अनजाने चली गोली
बता दें कि, एक साल के भीतर गोविंदा को दूसरी बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। इससे पहले 1 अक्टूबर को उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अनजाने में गोली चल गई थी, जिससे उनके घुटने में चोट आई थी। उस एक्सीडेंट के बाद भी उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उस घटना के बाद गोविंदा को तीन दिन अस्पतालों में भर्ती रहना पड़ा। अस्पताल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बताया कि सुबह पांच बजे कोलकाता जाने के लिए निकल रहे थे, तभी गिर पड़े और चल गई। गोविंदा ने कहा कि इस घटना से वे हैरान थे और नीचे देखकर खून निकलता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों से संपर्क किया और अस्पताल में भर्ती हो गए।





