नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । हिंदी सिनेमा में नई फिल्मों की रिलीज़ का सिलसिला जारी है। कुछ फिल्में दर्शकों के दिल जीत लेती हैं, जबकि कई रिलीज़ से पहले ही विवादों में फंस जाती हैं। कभी कहानी तो कभी पात्रों पर आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन होते हैं और फिल्में बैन कराने की मांग तेज़ हो जाती है।
आज हम आपको दिखाने जा रहे हैं उन बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट, जिनके टाइटल ने मचाया जबरदस्त बवाल। विवाद इतना बढ़ा कि मेकर्स को आखिरकार नाम बदलना पड़ा। इस सूची में अक्षय कुमार से लेकर दीपिका पादुकोण तक कई बड़े सितारों की फिल्में शामिल हैं।
अक्षय कुमार की फिल्म ‘लक्ष्मी’
9 नवंबर 2020 को रिलीज़ हुई अक्षय कुमार की फिल्म ‘लक्ष्मी’ जबरदस्त विवादों में घिर गई थी। रिलीज़ से पहले ही लोगों ने फिल्म के टाइटल और विषय पर आपत्ति जताई। विरोध इतना बढ़ा कि सड़कों पर प्रदर्शन हुए और फिल्म पर बैन लगाने की मांग तेज़ हो गई।
फिल्म ‘लक्ष्मी’ का सबसे बड़ा विवाद
फिल्म ‘लक्ष्मी’ का सबसे बड़ा विवाद उसके टाइटल को लेकर हुआ। शुरुआत में इसका नाम ‘लक्ष्मी बॉम्ब’ रखा गया था, लेकिन देवी लक्ष्मी के नाम के साथ ‘बॉम्ब’ शब्द जोड़ने पर आपत्ति जताई गई। विरोध बढ़ने पर राजनीतिक दलों ने बैन की मांग की, जिसके बाद मेकर्स ने टाइटल से ‘बॉम्ब’ हटा दिया।
शाहिद कपूर की फिल्म ‘पद्मावत’
दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की फिल्म ‘पद्मावत’ का विवाद आज भी चर्चा में रहता है। रिलीज़ से पहले ही इस फिल्म का कई संगठनों ने विरोध किया था। विरोध इतना बढ़ा कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सेट पर पहुंचकर तोड़फोड़ की, जिससे शूटिंग तक रुक गई थी।
कुछ राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया कि ‘पद्मावती’ फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ की गई है। बढ़ते विरोध और प्रदर्शन के बाद सेंसर बोर्ड के सुझावों के अनुसार फिल्म में कुछ बदलाव किए गए। विवाद शांत कराने के प्रयास में मेकर्स ने इसका नाम बदलकर ‘पद्मावत’ कर दिया।
फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’
संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर हिट रही, लेकिन इसके टाइटल ने खूब विवाद खड़ा किया। भगवान राम का नाम होने के कारण कुछ संगठनों ने विरोध जताया। बढ़ते विवाद को देखते हुए मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ रखा।
इरफान खान स्टारर फिल्म ‘बिल्लू’
साल 2009 में रिलीज़ हुई शाहरुख खान और इरफान खान स्टारर फिल्म ‘बिल्लू’ भी टाइटल विवाद में फंस गई थी। शुरू में इसका नाम ‘बिल्लू बार्बर’ रखा गया था, लेकिन ‘बार्बर’ शब्द को लेकर एक समुदाय ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर मेकर्स ने तुरंत फिल्म का नाम बदलकर ‘बिल्लू’ कर दिया।
सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘आर राजकुमार’
शाहिद कपूर और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘आर राजकुमार’ साल 2013 में रिलीज़ हुई थी। फिल्म के पहले टाइटल ‘रैम्बो राजकुमार’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। हॉलीवुड के किरदार ‘रैम्बो’ से नाम की समानता पर आपत्ति जताई गई और कानूनी नोटिस भी भेजे गए, जिसके बाद टाइटल बदलकर ‘आर राजकुमार’ रखा गया।
वरीना हुसैन की फिल्म ‘लवयात्री’
साल 2018 में आयुष शर्मा और वरीना हुसैन की फिल्म ‘लवयात्री’ भी टाइटल विवाद में घिरी रही। शुरुआत में इसका नाम ‘लवरात्रि’ रखा गया था, जो हिंदू त्योहार नवरात्रि से मिलता-जुलता था। इस वजह से कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और विवाद बढ़ने पर फिल्म का नाम बदलकर ‘लवयात्री’ कर दिया गया।





