नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टीवी के पॉपुलर शो “तारक मेहता का उल्टा चश्मा” के हर किरदार ने अपनी खास पहचान बनाई है। खासकर दया बेन के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। इस किरदार को दिशा वकानी ने बखूबी निभाया था। लेकिन 2017-18 में दिशा वकानी को प्रेग्नेंसी के कारण यह शो छोड़ना पड़ा था। तभी से फैंस दयाबेन की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच दिशा का एक इंटरव्यू इन दिनों खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपनी डिलीवरी के अनुभव को साझा करते हुए नजर आ रही हैं। जानिए इस वायरल वीडियो में वे क्या कह रही हैं।
गायत्री मंत्र ने दी थी शक्ति
इस वायरल वीडियो में दिशा वकानी ने अपनी प्रेग्नेंसी के समय को याद करते हुए कहा कि “जब मुझे पता चला कि मैं मां बनने वाली हूं और डिलीवरी के दौरान बहुत दर्द होता है, तो मैं बहुत डर गई थी। लेकिन मैंने पेरेंटिंग कोर्स के दौरान सुना था कि यदि मां डिलीवरी के दौरान चिल्लाती है तो इससे बच्चा डर जाता है। इसलिए मैंने इस समय को हंसते हुए निकाला और लगातार गायत्री मंत्र का जाप करती रही, इस मंत्र ने मुझे शक्ति दी थी।
प्रेग्नेंट महिलाओं को दी ये सलाह
दिशा ने इस वीडियो के माध्यम से गायत्री मंत्र का महत्व भी बताया। उन्होंने कहा कि मेरे मन में गायत्री मंत्र की ध्वनि गूंज रही थी और आंखें बंद करके मैं हंसते हुए अपनी बेटी को जन्म दिया। मैं हर प्रेग्नेंट महिला को यही सलाह देती हूं कि इस मंत्र का जाप करें, क्योंकि इससे शक्ति मिलती है और यह एक चमत्कार की तरह काम करता है।
फैंस ने दिए ये रिएक्शन
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुुए इस वीडियो पर फैंस ने अपने-अपने रिएक्शन भी दिए हैं। एक यूजर ने लिखा कि वे अकेली ऐसी स्टार हैं, जिनके कोई हेटर्स नहीं हैं।” एक और फैन ने लिखा कि “वह बहुत अच्छी लेडी हैं।” कुछ फैंस ने उनकी वापसी की इच्छा भी जताई। एक फैन ने लिखा, “तारक मेहता में आप फिर से आ जाइए, जब से आप शो से गई हैं, शो में वो मजा नहीं रहा।”




