नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में है। सच्ची घटनाओं पर आधारित इस फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया, जिसके बाद न सिर्फ भारत में बल्कि चीन में भी इसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। चीनी मीडिया ने इस फिल्म पर तथ्यों से छेड़छाड़ और राजनीतिक एजेंडा साधने के आरोप लगाए हैं।
फिल्म गलवान घाटी में वर्ष 2020 में भारत-चीन सीमा पर हुई हिंसक झड़पों पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें भारतीय सेना के जांबाज अधिकारी कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू वीरगति को प्राप्त हुए थे।
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट से भड़का विवाद
चीन के सरकारी मुखपत्र माने जाने वाले अखबार ग्लोबल टाइम्स ने इस फिल्म को लेकर एक लेख प्रकाशित किया है। रिपोर्ट की हेडिंग में कहा गया है कि बॉलीवुड फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ तथ्यों के साथ छेड़छाड़ कर रही है और यह एक ‘ओवर द टॉप ड्रामा’ है।
रिपोर्ट में विशेषज्ञों के हवाले से दावा किया गया है कि कोई भी फिल्म या नाटकीय प्रस्तुति देशों की पवित्र सीमाओं को प्रभावित नहीं कर सकती। इसके साथ ही चीनी मीडिया ने भारतीय सेना की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं, जिसे भारत में सिरे से खारिज किया जा रहा है।
शहीद कर्नल संतोष बाबू पर आपत्तिजनक टिप्पणी
चीनी मीडिया की रिपोर्ट में भारतीय सेना के शहीद अधिकारी कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की शौर्यपूर्ण शहादत को कथित तौर पर नकारा गया है। रिपोर्ट में उन्हें तथाकथित लीड रोल में दिखाने का आरोप लगाया गया है, जिसे भारत में बेहद आपत्तिजनक और असंवेदनशील माना जा रहा है।
इतना ही नहीं, रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि फिल्म के टीजर को चीन में सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है और कई चीनी सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे एक “OTT ड्रामा” करार दिया है।
भारत पर लगाए गए गंभीर आरोप
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह फिल्म गलवान वैली विवाद को जानबूझकर भड़काने की कोशिश है। आरोप लगाया गया कि भारतीय सेना ने शांत हालातों को बिगाड़ा और चीनी नागरिकों की जान को खतरे में डाला। हालांकि, भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि गलवान घाटी की घटना में भारतीय सैनिकों ने अपने क्षेत्र की रक्षा करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया था। ऐसे में चीनी मीडिया के इन आरोपों को भारत में तथ्यहीन और भ्रामक बताया जा रहा है।
भारत में फिल्म को लेकर जबरदस्त बज
जहां एक ओर चीनी मीडिया फिल्म की आलोचना कर रहा है, वहीं भारत में ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया ने किया है और यह सलमान खान के करियर की सबसे गंभीर और देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। टीजर रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज है और दर्शक इसके ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
100 करोड़ की लागत, दमदार स्टारकास्ट
करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस फिल्म में सलमान खान के अलावा चित्रांगदा सिंह, अंकुर भाटिया और बिपिन भारद्वाज अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के भव्य स्तर और यथार्थपरक प्रस्तुति को लेकर मेकर्स का दावा है कि इसमें भारतीय सेना के साहस और बलिदान को सम्मानपूर्वक दिखाया गया है।
रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। अब देखना यह होगा कि रिलीज के बाद भारत में दर्शक इसे किस तरह से अपनाते हैं और बॉक्स ऑफिस पर यह कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती है।





