नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। महाराष्ट्र से लेकर यूपी-बिहार तक औरंगजेब को लेकर अबु आज़मी के दिए गए बयान पर बहस जारी है। इस बीच महाराष्ट्र के MLA और MLC के लिए Vicky Kaushal की फिल्म Chhava की स्पेशल स्क्रीनिंग रखवाई गई थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म की तारीफ की और फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी है।
अदिति सुनील तटकरे ने रखवाई स्पेशल स्क्रीनिंग
महाराष्ट्र की मंत्री अदिति सुनील तटकरे ने विधायकों और एमएलसी के लिए स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित कराई थी। उन्होंने कहा, ‘छावा फिल्म कुछ दिन पहले रिलीज़ हुई थी और हमें लगा कि हमारे सभी विधायकों और परिषद सदस्यों को यह फिल्म ज़रूर देखनी चाहिए। इसलिए हमने सत्र के दौरान इसकी एक विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया और स्टार कास्ट और उनके प्रोडक्शन, वितरकों ने भी इसका भरपूर समर्थन किया।
मुख्यमंत्री ने की फिल्म की तारीफ
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने फिल्म की खूब तारीफ की है। उन्होंने कहा, ‘छत्रपति संभाजी महाराज 11 अलग-अलग भाषाओं के जानकार थे. वे कवि और लेखक भी थे। ‘छावा’ फिल्म से भारत के कई लोगों को छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में अधिक जानकारी मिली है और मैं ‘छावा’ क्रू के सदस्यों और पूरी टीम को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने फिल्म में इतिहास को पूरी तरह से चित्रित किया है। मैं निर्माता, निर्देशक, वितरक, अभिनेता और अभिनेत्रियों को धन्यवाद देता हूं. शानदार व्यवस्था के लिए अदिति तटकरे का धन्यवाद।’
मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को दी बधाई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘इतिहास लिखने वालों ने छत्रपति संभाजी महाराज के साथ बहुत अन्याय किया, लेकिन इस फिल्म के माध्यम से उनकी वीरता, बहादुरी, चतुराई, बुद्धिमत्ता, ज्ञान, उनके जीवन के ये सभी पहलू लोगों के सामने आ रहे हैं। जिस तरह छत्रपति शिवाजी महाराज के बाद छत्रपति संभाजी महाराज ने लगातार स्वराज्य की रक्षा की, उनका बलिदान इस फिल्म के माध्यम से लोगों के सामने आ रहा है। मैं इस फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम को बधाई देना चाहता हूं।’
दमदार रही फिल्म की स्टार कास्ट
फिल्म को लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित किया गया है। महारानी येसूबाई के रूप में रश्मिका मंदाना नजर आईं। विक्की कौशल ने फिल्म में छत्रपति संभाजी महाराज का किरदार निभाया है। वहीं, खन्ना सम्राट औरंगजेब के किरदार में नजर आए थे। फिल्म की स्टार कास्ट ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया है और सच्ची कहानी को बेहतरीन ढंग से पर्दे पर दिखाया है।





