नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। अमिताभ बच्चन ने अपने शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के हालिया एपिसोड में अपनी लव स्टोरी सुनाई। बता दें कि 19 अगस्त के एपिसोड में सामने बैठी कंटेस्टेंट काजोल ने अमिताभ बच्चन से एक सवाल किया। उन्होंने पूछा की शादी के बाद आप जया बच्चन को किस नाम से बुलाते थे? काजोल ने यह भी पूछा कि अमिताभ बच्चन और जया बच्चन के बीच रोमांस कैसे शुरू हुआ? दोनों में से पहले किसने प्रपोज किया? इस एपीसोड में सबसे खास बात यह रही की अमिताभ बच्चन ने काजोल के सभी सवालों का मुस्कुराते हुए जवाब दिया।
जया बच्चन को किस नाम से बुलाते थे बिग बी
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की शादी को 52 साल हो चुके हैं। दोनों की शादी 3 जून 1972 को हुई थी। इस शादी में गिने-चुने मेहमान ही शामिल हुए थे। जब काजोल ने पूछा कि वो जया बच्चन को किस नाम से बुलाते थे तो उन्होंने जवाब दिया, ‘जो उनका नाम था उसी नाम से बुलाते थे। शादी से पहले भी जया जी कहते थे और शादी के बाद भी कहते हैं।’
किस फिल्म से शुरू हुआ प्यार
काजोल ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि शादी के लिए सबसे पहले किसने प्रपोज किया? इसका जवाब देते हुए अमिताभ बच्चन कहते हैं, ‘हम लोग ऐसे ही मिलते-जुलते रहते थे। हम लोगों का एक दोस्तों का झुंड था सब साथ में ही मिलते थे। हमने साल 1972 में फिल्म ‘जंजीर’ साथ में की है। हम सभी ने तय किया था की फिल्म के सुपरहिट होने पर लंदन का ट्रिप प्लान किया जाएगा।’
इस तरह हुई अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की शादी
अमिताभ बच्चन ने अपनी शादी का जिक्र करते हुए बताया कि, ‘हमारी फिल्म सुपरहिट हो गई थी और सभी लोग लंदन घूमने की तैयारी में थे। मैंने अपने घर में पिता जी को सूचित किया कि हम लंदन ट्रिप पर जा रहे हैं। तब उन्होंने मेरे सामने एक शर्त रखी की ट्रिप पर जाने से पहले मुझे शादी कर लेनी चाहिए। ऐसे में पिता ने मुझसे पूछा कि क्या जया भी ट्रिप पर जा रही हैं, मैंने कहा हां। पिता ने कहा की लंदन जाने से पहले शादी कर लीजिए। फिर मैंने और जया जी ने शादी कर ली।’





