नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । 2025 का साल अब तक बॉलीवुड के लिए शानदार साबित हुआ है। कई फिल्मों ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त कमाई की। विक्की कौशल की ‘छावा’ ने तो कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अब बारी है जून की, एक ऐसा महीना जो फिल्म प्रेमियों के लिए खास होने वाला है। इस जून में एक-दो नहीं, बल्कि कुल 6 बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जिनमें से दो फिल्में तो फुल कॉमेडी से भरपूर हैं। इन फिल्मों को लेकर फैंस लंबे समय से उत्साहित हैं। कुछ की झलक पहले ही मिल चुकी है और अब दर्शकों को उनका बेसब्री से इंतजार है। आइए जानें कि जून में कौन-कौन सी फिल्में सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रही हैं।
1. ठग लाइफ
इस लिस्ट की शुरुआत होती है साउथ सुपरस्टार कमल हासन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ठग लाइफ’ से। फिल्म के नाम की तरह ही इसका बज भी जबरदस्त है। खास बात यह है कि इसे डायरेक्ट किया है दिग्गज फिल्ममेकर मणि रत्नम ने, जिनका नाम ही क्वालिटी सिनेमा की गारंटी माना जाता है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों की उत्सुकता को बढ़ा चुका है और अब फैंस बेसब्री से 5 जून का इंतजार कर रहे हैं, जब ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कमल हासन की दमदार परफॉर्मेंस और मणि रत्नम की डायरेक्शन के कॉम्बिनेशन को देखने के लिए दर्शक तैयार बैठे हैं।
2. हाउसफुल 5
‘ठग लाइफ’ के एक दिन बाद ही कॉमेडी का तूफान आने वाला है, जब अक्षय कुमार लेकर आएंगे ‘हाउसफुल 5’। यह फिल्म 6 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और जून महीने की सबसे मस्तीभरी एंटरटेनर देखने को मिलेगा। ‘हाउसफुल’ फ्रेंचाइज़ी के फैंस के लिए ये अगला चैप्टर किसी ट्रीट से कम नहीं है। फिल्म की स्टारकास्ट इतनी बड़ी है कि अगर नाम गिनने लगें, तो लिस्ट खत्म होने से पहले आप थक सकते हैं। फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है और दर्शकों को इसमें वही पुराना हंसी का तड़का और नए ट्विस्ट्स देखने को मिल रहे हैं। अगर आप हल्के-फुल्के ह्यूमर और फैमिली एंटरटेनमेंट के शौकीन हैं, तो ये फिल्म आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।
3. सितारे जमीन पर
लंबे इंतजार के बाद आमिर खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं, और वो भी एक इमोशनल और दिल छू लेने वाली कहानी के साथ। फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है और इसे देखकर दर्शक एक बार फिर आमिर के अभिनय के कायल हो गए हैं। ट्रेलर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी ऊंची हैं। 20 जून को रिलीज होने जा रही यह फिल्म न केवल दिलों को छूने वाली है, बल्कि यह बॉक्स ऑफिस पर भी नए रिकॉर्ड बना सकती है। जिस तरह आमिर खान हर बार कुछ अलग और सोचने पर मजबूर करने वाला कंटेंट लाते हैं, इस बार भी दर्शक कुछ खास देखने की उम्मीद कर रहे हैं।
4. कुबेरा
20 जून को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। जहां एक तरफ आमिर खान की ‘सितारे जमीन पर’ रिलीज हो रही है, वहीं दूसरी तरफ धनुष और नागार्जुन लेकर आ रहे हैं बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कुबेरा’। इस फिल्म की कास्ट भी बेहद दिलचस्प है । रश्मिका मंदाना और जिम सरभ जैसे दमदार कलाकार इसमें प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। धनुष का स्टाइल, नागार्जुन का स्वैग और रश्मिका की पॉपुलैरिटी इसे एक मल्टी-स्टारर ब्लॉकबस्टर का फील दे रहे हैं। माना जा रहा है कि “कुबेरा” इमोशन, ऐक्शन और ड्रामा का एक परफेक्ट पैकेज होगी, जो आमिर खान की फिल्म को सीधी चुनौती दे सकती है।
5. मां
काजोल भले ही अब चुनिंदा फिल्मों में नजर आती हों, लेकिन जब भी पर्दे पर लौटती हैं, कुछ ऐसा लेकर आती हैं जो सीधे दिल को छू जाता है। इस बार वो आ रही हैं एक भावनात्मक ड्रामा फिल्म ‘मां’ के साथ, जो 27 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में काजोल के साथ इंद्रनील सेनगुप्ता और रोनित रॉय भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखेंगे। ट्रेलर और पोस्टर्स से साफ है कि यह फिल्म एक मां की भावना, संघर्ष और रिश्तों की गहराई को बारीकी से दिखाएगी। ‘मां’ उन दर्शकों के लिए खास होगी जो संवेदनशील और अर्थपूर्ण सिनेमा की तलाश में हैं। काजोल की दमदार अदायगी इस फिल्म को यादगार बना सकती है।
6. ज्ञानवापी फाइल्स
जून महीने के अंत में रिलीज होने वाली सबसे गंभीर और संवेदनशील फिल्म है ‘ज्ञानवापी फाइल्स’, जो एक सच्ची घटना पर आधारित है। फिल्म की कहानी 28 जून 2022 को उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल साहू की निर्मम हत्या पर आधारित है, जिसने पूरे देश को हिला दिया था। इस हार्डहिटिंग फिल्म में विजय राज, प्रीति झंगियानी, और मुस्ताक खान जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाएं निभा रहे हैं। 27 जून को रिलीज होने वाली यह फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि समाज के कुछ कड़वे सच को उजागर करती है।





