नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सनी देओल स्टारर और 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। देशभक्ति और युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला, जिसका नतीजा है कि फिल्म ने महज 11 दिनों में करीब 280 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। हालांकि, दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसने ट्रेड एक्सपर्ट्स को चौंका दिया है।
11वें दिन 4 करोड़ से भी कम कमाई
शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के 11वें दिन यानी सोमवार को भारत में सिर्फ 3.88 करोड़ रुपये नेट की कमाई की। यह आंकड़ा पिछले दिनों की तुलना में काफी कम है। इसके बावजूद फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन अब 279.13 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जो इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल करता है।
पहले हफ्ते में की थी रिकॉर्डतोड़ कमाई
फिल्म ने पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी। ‘बॉर्डर 2’ ने अपने पहले सात दिनों में ही 224.25 करोड़ रुपये कमा लिए थे। इसके बाद दूसरे हफ्ते की शुरुआत भी मजबूत रही।
8वें दिन: 10.75 करोड़
9वें दिन: 17.75 करोड़
10वें दिन: 22.50 करोड़
हालांकि, वीकेंड के बाद सोमवार को दर्शकों की संख्या में गिरावट साफ दिखाई दी।
देशभक्ति और स्टारकास्ट बनी फिल्म की ताकत
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस वॉर ड्रामा फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह, प्रणव वशिष्ठ और मेधा राणा ने भी फिल्म में प्रभावशाली अभिनय किया है। फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी और शुरुआत से ही इसे जबरदस्त ओपनिंग मिली।
1971 युद्ध की पृष्ठभूमि में रची गई कहानी
‘बॉर्डर 2’ भी पहली फिल्म की तरह 1971 के भारत-पाक युद्ध और लोंगेवाला की ऐतिहासिक लड़ाई की पृष्ठभूमि पर आधारित है। दमदार डायलॉग्स, देशभक्ति से भरे दृश्य और सनी देओल की मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा।
सफलता का जश्न मनाते दिखे सनी देओल
फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद सनी देओल ने अपनी टीम के साथ जश्न भी मनाया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे केक काटते और टीम के साथ गाना गाते नजर आए। इससे पहले सनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर फैंस का धन्यवाद करते हुए लिखा था कि ‘बॉर्डर 2’ को मिल रहा प्यार उनके लिए बेहद खास है।
आगे कैसी रहेगी कमाई, ट्रेड की नजर
हालांकि 11वें दिन आई गिरावट ने थोड़ा झटका जरूर दिया है, लेकिन कुल कमाई को देखते हुए ‘बॉर्डर 2’ का हिट होना तय माना जा रहा है। अब देखना होगा कि वीकेंड पर फिल्म फिर से रफ्तार पकड़ पाती है या नहीं।





