
नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। 2 अक्टूबर यानी आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती है। वह गांधी जिन्हें सिर्फ भारत नहीं, बल्कि तमाम देश पूजते हैं। समाज को आईना दिखाने या किसी इंसान के संदेश-संघर्ष को लोगों तक पहुंचाने का सबसे बेहतर माध्यम सिनेमा रहा है। ऐसे में महात्मा गांधी पर देश में कई फिल्में बनी हैं। कुछ फिल्मों के बारे में हम इस लेख में जिक्र कर रहे हैं...
1982 में रिलीज हुई थी फिल्म गांधी
महात्मा गांधी पर सबसे पहले 1982 में फिल्म गांधी रिलीज हुई थी। फिल्म के डायरेक्टर रिचर्ड एटनबरो हैं। फिल्म में गांधी जी का लीड रोल ब्रिटिश एक्टर बेन किंग्सले ने निभाया था। फिल्म ने 8 ऑस्कर अवॉर्ड जीते थे। एक्टर को बच्चे सच में गांधी मान लेते थे। इनकी पहचान भी इस किरदार से हो गई थी।
'द मेकिंग ऑफ महात्मा गांधी'
फिल्म 'द मेकिंग ऑफ महात्मा गांधी' 1996 में आई थी। इसमें एक्टर रजित कपूर ने बापू का किरदार निभाया था। उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था। फिल्म में महात्मा गांधी के जीवन के 21 वर्षों को दिखाया गया है।
हे राम!
साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म हे राम भी गांधी जी पर बनी है। फिल्म की कहानी महात्मा गांधी की हत्या पर आधारित है। इसमें नसीरुद्दीन शाह, शाहरुख खान, रानी मुखर्जी, अतुल कुलकर्णी, गिरीश कर्नाड और ओमपुरी ने लीड रोल निभाया था। कमल हासन ने फिल्म को डायरेक्ट किया था। इसमें बापू की हत्या से जुड़े पहलू दिखाए गए हैं।
फिल्म लगे रहो मुन्नाभाई
संजय दत्त स्टारर फिल्म लगे रहो मुन्नाभाई भी गांधी जी पर आधारित है। इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार हिरानी थे। फिल्म में दिखाया गया कि आज के जमाने में भी गांधी प्रासंगिक क्यों हैं?
गांधी माई फादर
2007 में फिल्म गांधी माई फादर रिलीज हुई थी। इसमें दर्शन जरीवाला ने महात्मा गांधी का किरदार निभाया था। अक्षय खन्ना हीरालाल गांधी के किरदार में थे। फिल्म में बापू और उनके बेटे हीरालाल गांधी के आपसी रिश्तों को दर्शाया गया है। फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in