नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। शाहरुख खान की फिल्म पठान ने इस साल बॉक्स ऑफिस को बेहतरीन शुरुआत दी। अब किंग खान की फिल्म जवान भी जबरदस्त कमाई कर रही है। ‘जवान’ का जादू बॉक्स ऑफिस के अलावा शेयर बाजार पर भी दिख रहा है। गुरुवार को फिल्म रिलीज के कारण मल्टीप्लेक्स पीवीआर आईनॉक्स के मार्केट कैप में 35 मिनटों में 400 करोड़ रुपए से अधिक का इजाफा हुआ था। शुक्रवार को केवल 2 मिनटों में इस कंपनी के मार्केट कैप में 325 करोड़ रुपए से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
फिल्म जवान के रिलीज पर 5 प्रतिशत से अधिक शेयर में तेजी
फिल्म जवान के रिलीज के पहले दिन पीवीआर आईनॉक्स के शेयरों में 5 प्रतिशत से अधिक तेजी दिखी थी। शुक्रवार को पीवीआर आईनॉक्स के शेयरों में तेजी दिखी। सुबह 10:38 बजे कंपनी का शेयर 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1850.8 रुपए पर कारोबार कर रहा। बाजार शुरू होने के दो मिनट के भीतर मल्टीप्लेक्स का शेयर 1879.75 रुपए के हाई पर पहुंचा था। आज कंपनी का शेयर 1869 रुपए पर ओपन हुआ। एक दिन पहले कंपनी का शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ 1846.50 रुपए पर बंद हुआ था। जानकारों के मुताबिक पीवीआर आईनॉक्स के शेयर आने वाले दिनों में 2000 रुपए के लेवल को पार कर सकता है।
2 मिनट में 325 करोड़ से अधिक मार्केट कैप बढ़ा
कंपनी के मार्केट कैप को देखें तो दो मिनट में ही 325 करोड़ रुपए से अधिक इजाफा हुआ है। बीएसई के आंकड़ों बताते हैं एक दिन पहले शेयर बाजार बंद हुआ था तो पीवीआर आईनॉक्स का मार्केट कैप 18,097.13 करोड़ रुपए था। आज बाजार दो मिनट में दिन के हाई पर पहुंचा तो मार्केट कैप 18423.011 करोड़ रुपए पर आ गया। मतलब है कि कंपनी के मार्केट कैप में दो मिनटों में 325.87 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। इस समय में कंपनी का मार्केट कैप 18,133.89 करोड़ रुपए है।
‘जवान’ का पहले दिन का कलेक्शन
शाहरुख की ‘जवान’ ने घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में इतिहास रचा है। फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने पोस्ट किया-जवान ने पहले दिन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तहलका मचाया है। उन्होंने लिखा-फिल्म ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में नंबर 1 स्थान पर है। जर्मनी में नंबर 3 पर फिल्म है। फिल्म ने ऑस्ट्रेलिया में 2.11 करोड़ रुपए कमाए हैं। न्यूजीलैंड में 39.13 लाख कमाई की है। जर्मनी में 1.30 करोड़ और यूके में 2.16 करोड़ कमाई है।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in





