
नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। साउथ सुपरस्टार थलापति विजय और संजय दत्त स्टारर फिल्म लियो को लेकर काफी बज है। फिल्म की रिलीज का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वैसे, लग रहा है कि इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को देखने के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, रिपोर्ट के अनुसार फिल्म की रिलीज 20 अक्टूबर तक रोक दी गई है।
फिल्म की रिलीज पर 20 अक्टूबर तक रोक
रिपोर्ट के अनुसार हैदराबाद की सिविल कोर्ट ने थिएटरों को 20 अक्टूबर तक थलापति विजय की फिल्म लियो की रिलीज रोकने के लिए कहा है। यह आदेश सीथारा एंटरटेनमेंट के नागा वामसी द्वारा मामला दायर करने और दावा करने के बाद आया कि उनके पास 'लियो' टाइटल के राइट्स हैं, इसलिए उन्होंने फिल्म मेकर्स से विजय स्टारर फिल्म का नाम बदलने की मांग की है।
अर्ली मॉर्निंग शो के लिए भी स्ट्रग्ल
बता दें कोर्ट का ये आदेश तब आया है, जब मेकर्स तमिलनाडु में विजय स्टारर फिल्म के अर्ली मॉर्निंग शो के लिए स्ट्रग्ल कर रहे हैं। मद्रास हाईकोर्ट ने मामले को तमिलनाडु सरकार के हाथों में छोड़ा था। तमिलनाडु सरकार ने हाल में आदेश जारी कर थिएटरों में लियो की स्क्रीनिंग पर कुछ शर्तें लगाई हैं। आदेश के अनुसार विजय की फिल्म का सुबह का शो नहीं होगा। पहला शो सुबह 9 बजे शुरू होगा। यह दोपहर 1:30 बजे तक चल सकता है। केरल और कर्नाटक में लियो के लिए सुबह के शो होंगे।
एक्शन थ्रिलर फिल्म
'लियो' एक्शन थ्रिलर है। इसमें थलापति विजय के अतिरिक्त तृषा कृष्णन, अर्जुन सरजा, गौतम मेनन, मैसस्किन और प्रिया आनंद ने अहम रोल में हैं। रत्ना कुमार और धीरज वैद्य ने लोकेश कनगराज संग फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है। अनिरुद्ध रविचंदर ने फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है। इसकी सिनेमैटोग्राफी और एडिटिंग क्रमशः मनोज परमहंस और फिलोमिन राज ने की।
पहले दिन रिकॉर्ड तोड़ कमाई के अनुमान
फिल्म 19 अक्टूबर को रिलीज होगी। ट्रेड एनालिस्ट की मानें तो विजय स्टारर फिल्म साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है। पहले दिन 70 करोड़ रुपए से अधिक कमा सकती है। कहा जा रहा कि लियो रजनीकांत की हाल में रिलीज हुई फिल्म जेलर को मात दे सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in