नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । भारतीय सिनेमा के लिए एक और गौरवपूर्ण पल आया है। जिसमें बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘होमबाउंड’ को ऑस्कर 2026 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। जैसे ही यह खबर सामने आई, पूरे बॉलीवुड में खुशी और गर्व की लहर दौड़ पड़ी। सोशल मीडिया पर सितारों ने फिल्म की टीम को बधाइयों का तांता लगा दिया है।
करीना कपूर खान ने कहा – यह तो मास्टरपीस है
फिल्मी सितारों में सबसे पहले प्रतिक्रिया दी करीना कपूर खान ने। उन्होंने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा,मेरे प्यारे करण जौहर को बधाई! नीरज घेवन, जान्हवी, ईशान, विशाल, पूरी टीम को सलाम। मैं इस फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूं। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में करीना ने लिखा, वाह! यह अविश्वसनीय है। पूरी टीम को बधाई। आप जो भी बनाते हैं, वो कला का अद्भुत नमूना होता है।
जान्हवी कपूर बोलीं – हर पल रहा सपनों जैसा
फिल्म की मुख्य अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपनी पोस्ट में कहा, यह फिल्म मेरे लिए सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि एक यात्रा रही। हर सीन, हर पल, मेरे दिल के बेहद करीब है।
कलाकारों की भावनाएं
विशाल जेठवा, जो फिल्म में चंदन की भूमिका निभा रहे हैं, ने एक भावुक पोस्ट में अपने पिता को याद करते हुए फिल्म को समर्पित किया। वहीं, शोएब का किरदार निभाने वाले अभिनेता ने कहा, कुछ फिल्में हमसे भी बड़ी होती हैं। ‘होमबाउंड’ ऐसी ही एक कहानी है।
फिल्म इंडस्ट्री से भी मिला समर्थन
सारा अली खान, संजय कपूर, शकुन बत्रा, हुमा कुरैशी, और अनुराग कश्यप समेत कई फिल्मी हस्तियों ने फिल्म की तारीफ की। अनुराग कश्यप ने कहा, यह कहानी आज के समय की सच्चाई को बहुत ही सजीवता से दर्शाती है। हुमा कुरैशी ने लिखा, ‘होमबाउंड’ भारतीय सिनेमा की पहचान को वैश्विक मंच पर ले जाएगी।
26 सितंबर को होगी सिनेमाघरों में रिलीज
‘होमबाउंड’ भारत में 26 सितंबर 2025 को रिलीज हो रही है। फिल्म के निर्देशक नीरज घेवन हैं और इसे प्रोड्यूस किया है करण जौहर, आदार पूनावाला और अपूर्व मेहता । जिस तरह से बॉलीवुड और दर्शकों का प्यार और समर्थन इस फिल्म को मिल रहा है, उससे यह उम्मीद की जा रही है कि ‘होमबाउंड’ ऑस्कर की दौड़ में भारत का परचम लहराएगी।





