नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। अर्चना पूरन सिंह बॉलीवुड का जाना पहचाना नाम है। अर्चना को जलवा, कुछ कुछ होता है, राजा हिंदुस्तानी, मोहब्बतें, मासी, दे दना दन और बोल बच्चन जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाओं के अलावा प्रतिष्ठित टीवी शो श्रीमान श्रीमती के लिए याद किया जाता है। आज वह कपिल शर्मा शो में एक स्थायी अतिथि के रूप में रहती हैं। अर्चना आज अपना 62वां बर्थडे मना रही है। आइए उनके बर्थडे पर उनसे जुड़ा खास किस्से बताते है।
शूटिंग का वक्त और शाहरुख की मदद
अर्चना पूरन सिंह ने एक इंटरव्यू में फिल्म “कुछ कुछ होता है” की शूटिंग के दौरान का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, “गाना था कोई मिल गया, और हम महबूब स्टूडियो में शूटिंग कर रहे थे। उस वक्त मेकअप रूम काफी दूर थे और मैंने हील्स पहन रखी थीं। डांस करने के बाद वापस मेकअप रूम तक चलकर जाना मुश्किल था। शाहरुख खान के पास एक वैन थी, लेकिन काजोल के पास नहीं थी। तब शाहरुख ने मुझे अपनी वैन में आराम करने को कहा।
वैन में सो गईं अर्चना
अर्चना ने आगे बताया, “गाने की शूटिंग के दौरान लंबा गैप था, और मैं वैन में सो गई। शाहरुख खान शायद वहां आए और मुझे सोता देख, उन्होंने मुझे नहीं जगाया। वो फुसफुसा कर फोन पर बात कर रहे थे ताकि मेरी नींद न टूटे। यह उनकी बहुत अच्छी बात थी कि उन्होंने अपनी वैन मुझे आराम करने के लिए दी।”
शाहरुख को मिली यश जौहर से डांट
हालांकि, इस बात पर शाहरुख खान को यश जौहर से डांट खानी पड़ी। अर्चना ने बताया, “फिल्म के प्रोड्यूसर यश जौहर नाराज होकर शाहरुख से बोले, ‘तुम वैन से बाहर क्यों हो? अंदर जाओ।’ शाहरुख ने जवाब दिया कि वैन में अर्चना जी सो रही हैं। जब मैं जागी, तो शाहरुख ने स्पॉटबॉय को बाहर भेजकर मुझे चुपचाप मिठाई खिलाई थी।”
अर्चना ने इस घटना को याद करते हुए शाहरुख खान की विनम्रता और उनके व्यवहार की जमकर तारीफ की।





