नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। जब भी बॉलीवुड के सक्सेसफुल लव स्टोरीज़ की बात होती है तो गोविंदा और सुनीता आहुजा की लव स्टोरी का जिक्र जरूर आता है। दोनों की शादी को 37 साल हो चुके हैं। हालांकि, अब खबर है कि दोनों अलग हो रहे हैं और उनका तलाक फाइनल स्टेज पर पहुंच गया है। एक इंटरव्यू में मज़ाकिया अंदाज़ में सुनीता ने कहा था कि उनकी कुंडली गोविंदा की मां से मिलती थी, इसलिए उन्होंने शादी कर ली। पर असल में गोविंदा और सुनीता की लव स्टोरी बहुत प्यारी है। गोविंदा के स्ट्रगल के दिनों में दोनों की मुलाकात हुई, डांस करने का शौक उन्हें करीब लाया, गोविंदा के अफेयर की कई अफवाहें सामने आईं लेकिन सुनीता उनके साथ डटी रहीं। हालांकि, अब खबर है कि कि गोविंदा एक मराठी अभिनेत्री के प्यार में हैं और इस वजह से वो और सुनीता अलग हो रहे हैं।
कैसे हुई थी मुलाकात?
सुनीता और गोविंदा की मुलाकात परिवार के जरिए ही हुई थी। सुनीता की बड़ी बहन की शादी गोविंदा के मामा आनंद सिंह से हुई थी। स्ट्रगल के दिनों में गोविंदा अपने मामा के साथ रहते थे। तब सुनीता भी अपनी बहन से मिलने उनके घर आया करती थीं। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई। खबरों की मानें तो शुरुआत में गोविंदा और सुनीता की बिल्कुल नहीं जमती थी। इस वजह से उनके बीच खूब खिटपिट होती थी। हालांकि, दोनों को डांस करना पसंद था और इसी के चलते दोनों साथ बने रहे। दोनों डांस कॉम्पिटीशंस में साथ में हिस्सा लेते थे, साथ में ज्यादा समय बिताने लगे तो दोनों के बीच प्यार हो गया।
लव लेटर पकड़ में आया तो घरवालों ने कर दी शादी
गोविंदा और सुनीता एक दूसरे को लव लेटर लिखने लगे। एक बार चिट्ठी सुनीता की मां के हाथ में लग गई। उन्होंने गोविंदा की मां से बात की, गोविंदा की मां को इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं थी। इसके बाद घरवालों की मौजूदगी में दोनों ने 1987 में एक सादे कार्यक्रम में शादी रचा ली। दोनों के दो बच्चें हैं- टीना और यशवर्धन। शादी के बाद दोनों के बीच कई मुसीबतें आई। कई बार गोविंदा के हीरोइनों से रिलेशनशिप की अफवाहें सामने आईं, हालांकि सुनीता गोविंदा के साथ खड़ी रहीं। साल 2014 में गोविंदा और टीना ने दोबारा शादी रचाई थी, इस बार दोनों ने धूम-धाम से शादी की थी।





