नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। प्रभास स्टारर फैंटेसी हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘द राजा साब’ ने 9 जनवरी को रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की। फिल्म ने पहले ही दिन दुनियाभर में 100.60 करोड़ रुपये की कमाई कर ली, जिससे प्रभास एक बार फिर इतिहास रचने में सफल रहे। वह ऐसे इकलौते भारतीय अभिनेता बन गए हैं, जिनकी छह फिल्मों ने रिलीज के पहले दिन ही 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है। इससे पहले ‘बाहुबली 2: द कंक्लूजन’, ‘साहो’, ‘आदिपुरुष’, ‘सलार पार्ट 1: सीजफायर’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। हालांकि शानदार शुरुआत के बाद फिल्म की कमाई की रफ्तार में गिरावट भी देखने को मिली।
निगेटिव रिव्यू के बीच तीसरे दिन भी बरकरार रहा जलवा
मारुति के निर्देशन में बनी ‘द राजा साब’ को रिलीज के बाद दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। फिल्म के कमजोर स्क्रीनप्ले, इलॉजिकल कहानी, फीके डायलॉग्स और निर्देशन को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई। कई समीक्षकों ने इसे हाल के वर्षों की बड़ी निराशाओं में से एक बताया। इसके बावजूद, फिल्म की स्टार पावर और ओपनिंग का असर तीसरे दिन भी नजर आया। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रविवार यानी तीसरे दिन करीब 20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
तीन दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार
कलेक्शन के आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘द राजा साब’ ने प्रीव्यू शोज से 9.15 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद पहले दिन की रिकॉर्ड तोड़ कमाई के बाद दूसरे दिन फिल्म ने 53.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीसरे दिन भले ही कमाई में गिरावट आई, लेकिन 20 करोड़ के साथ फिल्म की तीन दिनों की कुल कमाई 108.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसी के साथ फिल्म ने रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 103 करोड़ रुपये को पीछे छोड़ दिया।
वीकडेज में असली परीक्षा, स्टारकास्ट पर टिकी उम्मीद
‘द राजा साब’ में प्रभास के साथ संजय दत्त, बोमन ईरानी, निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण टीजी विश्व प्रसाद, कृति प्रसाद और ईशान सक्सेना ने पीपल मीडिया फैक्ट्री और आईवी एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। पोस्ट-प्रोडक्शन और वीएफएक्स में देरी के चलते फिल्म की रिलीज कई बार टली थी। अब निगेटिव रिव्यू के बीच सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि वीकडेज में ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर खुद को कितना संभाल पाती है।





