नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड की फेमस और खूबसूरत एक्ट्रेसेस में शुमार प्राची देसाई आज अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। 12 सितंबर 1988 को गुजरात के सूरत में जन्मीं प्राची ने बहुत ही कम उम्र में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और धीरे-धीरे बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों तक अपना सफर तय किया। प्राची देसाई ने अपनी स्कूली पढ़ाई सेंट जोसेफ कॉन्वेंट, पंचगनी से की थी। बचपन से ही उन्हें अभिनय में गहरी दिलचस्पी थी और उन्होंने बहुत जल्दी यह तय कर लिया था कि उन्हें एक्टिंग की दुनिया में ही करियर बनाना है। आज हम आपको उनके कैरियर से जुड़ी कुछ खास बातें बताएंगे।
टीवी से लेकर बॉलीवुड तक का सफर
प्राची देसाई ने एक्टिंग की दुनिया में अपने करियर की शुरुआत सिल्वर स्क्रीन से नहीं, बल्कि छोटे पर्दे से की थी। महज 17 साल की उम्र में उन्होंने जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘कसम से’ में बानी का किरदार निभाया और अपनी खूबसूरती व दमदार एक्टिंग से दर्शकों के दिलों में जगह बना ली। यह सीरियल तीन साल तक चला और इसके खत्म होने तक प्राची टीवी की सबसे डिमांडिंग एक्ट्रेस बन चुकी थीं।
टीवी सीरियल के अलावा, प्राची डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा 2’ में भी नजर आईं और न सिर्फ हिस्सा लिया, बल्कि इस शो की विजेता भी बनीं। इसके बाद वह कुछ समय के लिए स्टारप्लस के ‘कसौटी जिंदगी की’ जैसे पॉपुलर शो में भी दिखाई दीं। टीवी पर लोकप्रियता हासिल करने के बाद प्राची ने बॉलीवुड में कदम रखा। साल 2008 में आई फिल्म ‘रॉक ऑन!!’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। दिलचस्प बात यह है कि उन्हें इस फिल्म का ऑफर उसी दौरान मिला था जब वह ‘कसम से’ कर रही थीं। ‘रॉक ऑन’ में काम करने के बाद प्राची सिर्फ टीवी नहीं, बल्कि बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस बन चुकी थीं।
प्राची देसाई की फिल्में : दमदार किरदारों से बनाई खास पहचान
टीवी से अपने करियर की शुरुआत करने वाली प्राची देसाई ने बॉलीवुड में भी खुद को एक प्रतिभाशाली और बहुमुखी कलाकार के रूप में साबित किया है। उन्होंने कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाकर दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई। प्राची ने साल 2008 में ‘रॉक ऑन’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया, जो एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई। इसके बाद वह ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई’, ‘लाइफ पार्टनर’, ‘तेरी मेरी कहानी’ और ‘आई मी और मैं’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। उनका फिल्मी सफर यहीं नहीं रुका, उन्होंने ‘पुलिसगीरी’, ‘अजहर’, ‘कार्बन’ और ‘फॉरेंसिक’ में भी काम किया।





