नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। ‘बिग बॉस 19’ के फिनाले से ठीक पहले घर से बाहर हुईं कंटेस्टेंट मालती चाहर ने आखिरकार संगीतकार अमाल मलिक के साथ अपने रिश्ते की अटकलों पर चुप्पी तोड़ दी है। ‘बिग बॉस’ के घर में मालती ने खुलासा किया था कि वह अमाल को पहले से जानती थीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा था कि वे दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और मालती वही लड़की हैं जिनके लिए अमाल गाने लिखते हैं।मालती ने इन सभी दावों और अफवाहों का खंडन किया है।
मैं अमाल की गर्लफ्रेंड नहीं थी
एक खास इंटरव्यू में मालती चाहर ने स्पष्ट किया कि वह अमाल मलिक की गर्लफ्रेंड नहीं थीं।मालती ने साफ कहा, मैं गर्लफ्रेंड अमाल की नहीं थी। उसने खुद ने नहीं कहा कि गर्लफ्रेंड है। उसने बोला एक लड़की से मिला था। उसने नहीं बोला गर्लफ्रेंड है। उन्होंने यह भी कहा कि वो प्रपोज करेगा या नहीं वो उसका नैरेटिव है। मेरे साथ सामने अच्छे से बात करता है, पीठ पीछे अच्छी बात नहीं करता।मालती ने बताया कि वह अमाल को शो से तीन महीने पहले से जानती थीं। उन्होंने आगे कहा, उसकी गर्लफ्रेंड बनने का टाइम ही कहां मिला मुझे। मैं ट्रेवल कर रही थी काम से और वो भी काम कर रहे थे। बस जान-पहचान है इसके साथ।
झूठ अमाल ने बोला था
मालती ने अपनी बातों को खत्म करते हुए सारा ठीकरा अमाल मलिक पर फोड़ा। उनका कहना था कि दोनों के बीच सिर्फ जान-पहचान थी, लेकिन विवाद तब पैदा हुआ जब अमाल ने इस रिश्ते को छिपाया या घुमाकर पेश किया।मालती ने साफ लहजे में कहा कि उनके रिश्ते पर सवाल अमाल मलिक से किया जाना चाहिए, क्योंकि अमाल मलिक ने झूठ बोला था, उन्होंने नहीं।
जब मालती चाहर ‘बिग बॉस 19’ के घर के अंदर थीं, तो अमाल मलिक के साथ उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की बातें सामने आईं और सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई। ये अफवाहें मुख्य रूप से तब उड़ीं जब घर में यह बात सामने आई कि वे दोनों शो के बाहर एक-दूसरे को जानते थे, जबकि उन्होंने पहले यह बात छुपा रखी थी।
सबसे बड़ी अफवाह यह थी कि, मालती चाहर वही लड़की हैं जिसके बारे में अमाल मलिक ने एक इंटरव्यू या सार्वजनिक बयान में बात की थी। अमाल ने कथित तौर पर एक ‘खास लड़की’ का ज़िक्र किया था, जिसके लिए वह गाना गाते थे या जिसके प्रति उनकी भावनाएं थीं। लोगों ने तुरंत मालती को वह ‘मिस्ट्री गर्ल’ मान लिया।
यह अफवाह उड़ी कि मालती और अमाल ने जानबूझकर अपने रिश्ते को ‘सिर्फ जान-पहचान’ बताकर छुपाया था, जबकि वे दोनों वास्तव में एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दर्शकों का मानना था कि वे टीआरपी या गेमिंग रणनीति के तहत अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं कर रहे थे।
घर में कुछ कंटेस्टेंट्स और दर्शकों ने यह अनुमान लगाना शुरू कर दिया था कि अमाल मलिक जल्द ही राष्ट्रीय टेलीविजन पर मालती को प्रपोज़ कर सकते हैं, क्योंकि वे दोनों बाहर एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच एक विशेष केमिस्ट्री होने का दावा किया जा रहा था।कुछ कंटेस्टेंट्स ने यह आरोप लगाया था कि मालती और अमाल घर में आने से पहले ही अपनी गेमिंग रणनीति और संबंधों के बारे में बात कर चुके थे, ताकि वे एक-दूसरे को नॉमिनेशन से बचा सकें और लंबे समय तक घर में टिके रह सकें।हालांकि, मालती ने शो से बाहर आने के बाद साफ कर दिया है कि वह अमाल की गर्लफ्रेंड नहीं थीं और उनका रिश्ता सिर्फ जान-पहचान तक ही सीमित था।





