नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिग बॉस एक ऐसा रियलिटी शो है जिसने कई सेलेब्स की जिंदगी बदल दी है। नॉन-स्टार्स के लिए यह शो एक बड़ा प्लेटफ़ॉर्म साबित हुआ, जिसने उन्हें फेम और लाइमलाइट दिलाई। हालांकि, कुछ कंटेस्टेंट ऐसे भी रहे जिनके करियर में बिग बॉस का जादू नहीं चला। कुछ सेलेब्स शो में शामिल होने के बाद पछताए। बिग बॉस ने उनकी पब्लिक इमेज को नुकसान पहुँचाया और विवादों में फंसने की वजह से उन्हें पछतावा हुआ।
बसीर अली
बिग बॉस 19 से एविक्ट हुए रियलिटी स्टार बसीर अली ने कहा कि उन्हें इस सीजन का हिस्सा बनने पर पछतावा है। उन्होंने शो में भी कहा था कि यह गलत सीजन है और अन्य सेलेब्रिटी उनके स्तर के नहीं हैं। उनके इस बयान पर फराह खान ने उन्हें फटकार भी लगाई। बसीर के मुताबिक, सीजन 19 की “डेमोक्रेसी” थीम ने उनका गेम प्रभावित किया।
कविता कौशिक
FIR फेम एक्ट्रेस कविता कौशिक की बिग बॉस जर्नी काफी विवादित रही। उनके और अभिनव शुक्ला के अफेयर की खबरें खूब वायरल हुईं और शो में उनकी फजीहत भी हुई। गुस्से में कविता ने बीच में ही शो छोड़ दिया। कई इंटरव्यू में उन्होंने इसे अपनी सबसे बड़ी गलती बताया है।
हिमांशी खुराना
पंजाब की ऐश्वर्या राय यानी हिमांशी खुराना बिग बॉस 13 का हिस्सा थीं। शो में उनका आसिम रियाज के साथ लव एंगल दिखा। वीकेंड का वार में सलमान की ट्रोलिंग और जनता की जजमेंट का शिकार होने के कारण कई इंटरव्यू में हिमांशी ने इसे टॉक्सिक अनुभव बताया। शो से बाहर आने के बाद उन्हें डिप्रेशन हुआ और निगेटिविटी व ट्रोलिंग से उबरने में उन्हें दो साल लगे।
सृष्टि रोड़े
टीवी एक्ट्रेस सृष्टि रोड़े बिग बॉस 12 का हिस्सा थीं। उन्होंने शो को बोरिंग बताते हुए कहा कि वह गलत सीजन में आई थीं। सीजन 12 जोड़ी फॉर्मेट वाला था, जिसके कारण सृष्टि अपनी असली इमेज को शो में पेश नहीं कर पाईं।
नैना सिंह
कुमकुम भाग्य की एक्ट्रेस ने बिग बॉस 14 में हिस्सा लिया। रियलिटी शो में आने के लिए उन्होंने हिट शो छोड़ दिया था, लेकिन गेम में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने की वजह से सिर्फ दो हफ्ते में बाहर हो गईं। इसके बाद से वह किसी बड़े शो का हिस्सा नहीं बन पाई हैं।
अरहान खान
बिग बॉस 13 में अरहान खान वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में आए थे। वह रश्मि देसाई के एक्स बॉयफ्रेंड हैं। शो में सलमान खान ने उनकी सीक्रेट शादी और बच्चे का खुलासा किया, जिससे उनकी पब्लिक इमेज को नुकसान पहुंचा और इस विवाद का असर उनके करियर पर भी पड़ा।
आकाशदीप सहगल
आकाशदीप ने बिग बॉस सीजन 5 में अपनी एग्रेसिव पर्सनैलिटी के कारण विवाद खड़ा किया। उन्होंने होस्ट सलमान खान से भी पंगा लिया। शो के दौरान बनी खराब इमेज का उनके करियर पर असर पड़ा और आज वह शोबिज से पूरी तरह दूर हैं, उनकी वर्तमान स्थिति किसी को स्पष्ट नहीं है।





