नई दिल्ली, रफ्ता डेस्क । कॉमेडी क्वीन भारती सिंह ने फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी साझा की है। मशहूर कॉमेडियन और टीवी होस्ट दूसरी बार मां बनने वाली हैं। इस खबर के बाद उनके फॉलोअर्स और मनोरंजन जगत में उत्साह और खुशी की लहर फैल गई है।
भारती सिंह ने सोमवार शाम अपने पति हर्ष लिम्बाचिया के साथ इंस्टाग्राम पर एक प्यारी तस्वीर साझा कर अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की। इस तस्वीर में दोनों की खुशी झलक रही थी, जिसे फैंस ने खूब सराहा और बधाईयों की बारिश कर दी।
पोस्ट में भारती और हर्ष पहाड़ों के बीच पोज़ देते नजर आए। इस दौरान भारती ने पेस्टल पिंक और येलो टॉप के साथ व्हाइट ट्राउजर पहना था और अपने बेबी बंप को खूबसूरती से फ्लॉन्ट किया। फैंस ने इस स्टाइलिश और प्यारी तस्वीर को काफी पसंद किया।
दूसरी प्रेगनेंसी का अनाउंस
भारती सिंह के इंस्टाग्राम पोस्ट में पति हर्ष लिम्बाचिया उन्हें प्यार से गले लगाए हुए हैं, और दोनों के चेहरे पर दोबारा पेरेंट्स बनने की खुशी साफ झलक रही है। तस्वीर के साथ भारती ने लिखा, “हम फिर से प्रेग्नेंट हैं #धन्य #गणपति बप्पा मोरया #धन्यवाद #भगवान का शुक्रिया #जल्द आ रहा है।”
कपल को बधाइयां आने शुरु
इस खुशखबरी के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटीज ने भारती और हर्ष को ढेरों बधाइयां दीं। उनके बेटे लक्ष्य लिंबाचिया, जिन्हें प्यार से ‘गोल्ला’ कहा जाता है, ने भी इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर की। इसमें वे रेड टी-शर्ट पहने नजर आए, जिस पर लिखा है, “मैं बड़ा भाई बनने वाला हूं।” फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “अब मुझसे भी छोटा कोई आ रहा है।”
भारती-हर्ष की पर्सनल लाइफ
भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया टीवी इंडस्ट्री के सबसे प्यारे और पसंदीदा कपल्स में शामिल हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को हमेशा लुभाती रही है। अप्रैल 2022 में इस जोड़े ने अपने पहले बच्चे लक्ष्य का स्वागत किया था, और अब दूसरे बच्चे की खुशखबरी ने इंटरनेट पर फिर से मुस्कानें बिखेर दी हैं।




