नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। बॉलीवुड एक्ट्रेस भाग्यश्री का जन्म 23 फरवरी 1969 को सांगली महाराष्ट्र में हुआ था। बता दें कि, भाग्यश्री राजघराने से आती हैं उनके पिता विजय सिंह राव माधवराव सांगली के राजा हुआ करते थे। भाग्यश्री तीन बहने हैं और वह सबसे बड़ी हैं। एक्ट्रेस ने फिल्मी दुनिया में कदम रखने के साथ ही अपनी पहली फिल्म से तगड़ी कमाई तो की सुपरहिट एक्ट्रेस भी बनीं।
कौन सी थी भाग्यश्री की पहली फिल्म
भाग्यश्री के करियर की शुरुआत की बात करें तो उन्होंने टीवी शो कच्ची धूप से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। यह सीरियल उन्होंने 1987 में किया था। इसके बाद एक्ट्रेस ने साल 1989 में फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में भाग्यश्री सलमान खान के साथ नजर आई थी और उन्होंने एक्टर से ज्यादा फीस भी ली थी। इस फिल्म के लिए फीस की बात करें तो एक्ट्रेस को 1 लाख फीस दी गई थी और सलमान खान को 30 हजार पेमेंट किया गया था।
पहली फिल्म के बाद एक्ट्रेस ने कर ली शादी
भाग्यश्री की पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। इस फिल्म के बाद एक्ट्रेस को बॉलीवुड की कई फिल्मों के ऑफर मिलना शुरू हो गए थे लेकिन उन्होंने रिजेक्ट कर दिया। भाग्यश्री ने अपने दोस्त हिमालय दासानी से 1990 में शादी कर ली थी। एक्ट्रेस ने यह शादी लव मैरिज की थी क्योंकि परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं थे। इस वजह से एक्ट्रेस ने परिवार के खिलाफ जाकर मंदिर में शादी रचाई थी।
हिमालय दासानी के साथ भी कर चुकी हैं काम
भाग्यश्री ने पति हिमालय दासानी के साथ फिल्म ‘घर आया मेरा परदेसी’ और दो फिल्मों में काम किया था। इतना ही नहीं एक्ट्रेस तमिल, कन्नड़ और तेलुगू फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। किसी भी भाषा की फिल्म क्यों ना हो भाग्यश्री को उनके किरदार में बहुत पसंद किया जाता है।
फिल्मों से दूर हैं भाग्यश्री
भाग्यश्री अक्सर ही अपने फ़िल्मी करियर में ब्रेक लेती रहती हैं। फिल्मों से ब्रेक लेने के बाद उन्होंने साल 2003 में फिल्म ‘संतोषी माता’ से वापसी की थी। इसके बाद वह दीवाना कर गए, रेड अलर्ट और द वॉर विदइन में नजर आईं। इसके बाद एक्ट्रेस ने दोबारा फिल्मों से ब्रेक लिया और साल 2014 में उन्होंने टीवी पर वापसी की। एक्ट्रेस को टीवी सीरियल लौट आओ तृषा में देखा गया इसी साल उन्होंने फिल्म टू स्टेट भी की थी। इसके बाद भाग्यश्री कुछ टाइम तक पर्दे पर नजर नहीं आईं फिर उन्होंने साल 2021 में कंगना रनौत की फिल्म थलाइवी और प्रभास की फिल्म राधे श्याम में काम किया। फिलहाल, एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं।





