नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त की मसाला एक्शन थ्रिलर ‘बागी 4’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। रिलीज से पहले फिल्म को बड़ी हिट माना जा रहा था, लेकिन सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद दर्शकों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
हालांकि, ‘बागी 4’ ने ओपनिंग वीकेंड में ठीक-ठाक कमाई की, लेकिन पहला हफ्ता काफी धीमा रहा। दूसरे वीकेंड में भी फिल्म की रफ्तार ठंडी रही। अब देखना होगा कि रिलीज के 10वें दिन यानी दूसरे संडे को इसने कितना कलेक्शन किया।
‘बागी 4’ ने दूसरे संडे कितनी की कमाई?
‘बागी’ फ्रेंचाइजी की चौथी कड़ी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। अच्छी ओपनिंग के बावजूद ‘बागी 4’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई, और टाइगर श्रॉफ व संजय दत्त की स्टार पावर भी फिल्म को सफल नहीं बना सकी। वैसे भी ‘बागी 4’ की कमाई पहले ही हफ्ते में गिरने लगी थी, और दूसरे वीकेंड में भी फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर पकड़ कमजोर ही रही।
दस दिन में कितने छापे पैसे
वही, ‘बागी 4’ ने 8वें दिन 40.48% की गिरावट के साथ 1.25 करोड़ का कारोबार किया। 9वें दिन 48% की बढ़त दर्ज करते हुए फिल्म ने 1.85 करोड़ कमाए। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के 10वें दिन यानी दूसरे रविवार को फिल्म ने 2.15 करोड़ का कलेक्शन किया। 10 दिन में ‘बागी 4’ की कुल कमाई अब 49.75 करोड़ रुपये हो गई है।
‘बागी 4’ ने क्या वसूल लिया बजट?
‘बागी 4’ की कमाई दूसरे वीकेंड में भी खास नहीं बढ़ी और यह 50 करोड़ रुपये के आंकड़े से बस इंचभर दूर रह गई। वहीं, 80 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अभी तक अपनी लागत वसूल नहीं की है। फिल्म को ब्रेक-ईवन तक पहुंचने के लिए अब लगभग 30 करोड़ और कमाने होंगे।
बता दें कि, फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ‘बागी 4’ के लिए बजट वसूलना मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि, 19 सितंबर तक कमाई का मौका अभी है, इसके बाद सिनेमाघरों में जॉली एलएलबी 3 आ जाएगी। अब देखने वाली बात होगी कि दूसरे हफ्ते में फिल्म कितनी कमाई कर पाती है।





