नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । संगीत की दुनिया की जानी मानी हस्ती म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान को रविवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत के बाद चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर प्रशंसक और शुभचिंतक काफी चिंतित थे। हालांकि अब संगीत के उस्ताद को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उनके बेटे एआर अमीन ने इंस्टाग्राम पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी शेयर की है। उन्होंने पिता की स्वास्थ्य रिपोर्ट की एक तस्वीर भी पोस्ट की है।
बेटे ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
एआर अमीन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “हमारे सभी प्यारे प्रशंसकों, परिवार और शुभचिंतकों को, मैं आपके प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए ईमानदारी से धन्यवाद देता हूं। डिहाइड्रेशन के कारण मेरे पिता को थोड़ी कमजोरी महसूस हुई, इसलिए हमने कुछ नियमित टेस्ट कराए, लेकिन मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब उनकी हालत ठीक है। आपके प्रेमपूर्ण शब्द और आशीर्वाद हमारे लिए बहुत मायने रखते हैं। हम वास्तव में आपकी चिंता और निरंतर समर्थन की सराहना करते हैं। आप सभी को बहुत सारा प्यार और आभार!”
ab5e066cca97130b5723805c9a99c3a2-AR Rahman, Health Updates.webpतमिलनाडु के CM ने भी किया पोस्ट
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी एक्स पर एआर रहमान के स्वास्थ्य संबंधी अपडेट पोस्ट किया और लिखा, “जैसे ही मैंने यह खबर सुनी कि @arrahman को खराब स्वास्थ्य के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मैंने डॉक्टरों से संपर्क किया और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली! उन्होंने कहा कि वह ठीक हैं और जल्द ही घर वापस आ जाएंगे!”
ये थी अस्वस्थ होने की वजह
मीडिया से बात करते हुए एआर रहमान के प्रवक्ता ने साझा किया कि गायक-संगीतकार लंदन से लौटने के बाद अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। प्रवक्ता ने कहा, “वह कल लंदन से लौटे और अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, इसलिए वह कल रात चेक-अप के लिए अस्पताल गए। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार, यह शरीर में पानी की कमी के कारण था, क्योंकि वह रमज़ान के लिए उपवास भी कर रहे थे।” इस बीच, अपोलो अस्पताल के सीईओ ने भी आश्वासन दिया कि गायक अब ठीक हैं और एआर रहमान बिल्कुल ठीक हैं। उन्हें छुट्टी दे दी गई है।”





