नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अभिनेता अहान शेट्टी जल्द ही अपनी अगली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान अहान ने न सिर्फ अपने करियर को लेकर बात की, बल्कि सोशल मीडिया की वजह से युवा अभिनेताओं के बीच बनाए जा रहे झूठे मुकाबले पर भी खुलकर अपनी राय रखी।
आज लोग सिर्फ 2–3 सेकंड की क्लिप देखकर राय बना लेते हैं
अहान शेट्टी ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया कलाकारों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर देता है, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने माना कि उनकी तुलना अक्सर आहान पांडे से की जाती है, लेकिन उनके बीच किसी तरह की प्रतिस्पर्धा नहीं है। अहान के मुताबिक, आज लोग सिर्फ 2–3 सेकंड की क्लिप देखकर राय बना लेते हैं, जिससे गलत धारणाएं बनती हैं।
दोनों की अपनी-अपनी जर्नी है
अहान ने कहा कि वह आहान पांडे को निजी तौर पर जानते हैं और उनकी मेहनत की पूरी इज्जत करते हैं। दोनों की अपनी-अपनी जर्नी है और इंडस्ट्री में उनके बीच सिर्फ सम्मान और दोस्ती है। उन्होंने साफ कहा कि कलाकारों के बीच कोई दुश्मनी नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया ने एक ऐसा माहौल बना दिया है, जहां सबको आपस में तुलना और टकराव में दिखाया जाता है। इसी वजह से आज इंडस्ट्री में पहले जैसी आपसी सपोर्ट भी कम नजर आती है।
उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा।
अपने करियर पर बात करते हुए अहान शेट्टी ने नेपोटिज़्म के मुद्दे पर भी खुलकर प्रतिक्रिया दी। साल 2021 में फिल्म ‘तड़प’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले अहान, दिग्गज अभिनेता सुनील शेट्टी के बेटे हैं। इस वजह से उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा। अहान ने कहा कि वह इस सच्चाई को स्वीकार करते हैं कि उनके पिता एक अभिनेता हैं, लेकिन उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा।
नेपोटिज़्म पर होने वाली बहस से वह परेशान नहीं होते
उन्होंने कहा कि नेपोटिज़्म पर होने वाली बहस से वह परेशान नहीं होते, बल्कि अपने काम पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी समझते हैं। अहान के मुताबिक, वह हमेशा यही कोशिश करते हैं कि अपने निर्देशक और निर्माता को 200 प्रतिशत दें और बाकी शोर-शराबे से खुद को दूर रखें।
अहान शेट्टी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में नजर आने वाले हैं
अब अहान शेट्टी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में नजर आने वाले हैं, जहां वह लेफ्टिनेंट कमांडर एम. एस. रावत का किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म देशभक्ति पर आधारित है और इसमें सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े सितारे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और इस फिल्म से अहान शेट्टी को अपने करियर की मजबूत वापसी की पूरी उम्मीद है।





