नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । टीवी अभिनेता पराग त्यागी की पत्नी और मशहूर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 23 जून को कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया। ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से लोकप्रिय शेफाली की असमय मौत ने उनके परिवार, दोस्तों और फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें फैलने लगीं कि शेफाली के पालतू डॉग सिंबा की तबीयत भी काफी बिगड़ गई है। फैंस के बीच चिंता बढ़ने लगी। अब इन खबरों पर विराम लगाते हुए पराग त्यागी ने इंस्टाग्राम पर सिंबा के साथ एक प्यारा सा वीडियो शेयर किया।
पराग त्यागी ने वीडियो किया शेयर
शेफाली जरीवाला के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनके पालतू डॉग सिंबा की तबीयत को लेकर कई अफवाहें फैलने लगी थीं। अब पराग त्यागी ने एक भावुक वीडियो शेयर कर इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिंबा पूरी तरह स्वस्थ है। पराग ने सिंबा के हाथों गरीबों को खाना बंटवाया, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो गया। शेफाली और पराग का कोई संतान नहीं थी, ऐसे में सिंबा ही उनके परिवार का केंद्र था।
सिंबा बहुत खुश है
वीडियो में पराग त्यागी ने बुजुर्ग महिलाओं को खाने के पैकेट दिए, जिसके बाद उन्होंने सिम्बा को आशीर्वाद दिया। इस वीडियो के साथ पराग ने एक भावुक कैप्शन लिखा, “सिंबा बहुत खुश है और अपनी माँ, शेफाली जरीवाला के लिए एक बेटे द्वारा किए जाने वाले सभी कर्म कर रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि कुछ निर्दयी लोग सिंबा की सेहत को लेकर झूठी अफवाहें फैला रहे हैं, सिर्फ कुछ लाइक्स और व्यूज़ बटोरने के लिए। मैं उन सभी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जो वास्तव में सिंबा के लिए चिंतित हैं। भगवान आप सभी का भला करे।” इस वीडियो ने इंटरनेट पर भावनात्मक लहर दौड़ा दी है और लोग पराग व सिंबा के इस मजबूत रिश्ते को देखकर उन्हें दुआएं दे रहे हैं। बता दें कि शेफाली, पराग और सिंबा के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है, जिसकी झलक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट की तस्वीरों और वीडियोज में साफ नजर आती है। सिंबा को सुरक्षित और स्वस्थ देखकर फैंस को भी सुकून मिला है।
फैंस ने दी प्रतिक्रिया
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “मैं इस वीडियो को देखकर सचमुच रो पड़ा.. आप दोनों को शक्ति और प्रकाश मिले… भगवान आप दोनों का भला करे.. पूरा देश आपके साथ है।” एक अन्य फैंस ने लिखा, “हम एक परिवार के तौर पर आपके दर्द को समझ सकते हैं। मज़बूत बने रहिए पराग सर। आपका हिस्सा स्वर्ग से आप दोनों को देख रहा है।” एक प्रशंसक ने कहा, “आप दूसरों की मदद करके शेफाली की खूबसूरत आत्मा को जीवित रख रहे हैं। वह आप और सिम्बा पर नजर रख रही है।” वहीं, एक अन्य यूजर्स ने लिखा कि “जिस तरह से आप चीजों को संभाल रहे हैं, उस पर हमें गर्व है। शेफाली को यह देखकर शांति मिलनी चाहिए कि उसके लोग उससे कितना प्यार करते हैं।”




