नई दिल्ली/ रफ्तार डेस्क। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में फंसे बॉलीवुड के लोकप्रिय कॉमेडियन राजपाल यादव ने 5 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। कोर्ट में उन्होंने खुद को इस संकट में अकेला बताया था, लेकिन उनके इस बयान के बाद फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें जबरदस्त समर्थन मिलने लगा। सलमान खान से लेकर सोनू सूद, अजय देवगन, वरुण धवन और म्यूजिक कंपोजर राव इंद्रजीत यादव सहित कई सितारे उनके साथ खड़े नजर आए और आर्थिक मदद का भरोसा दिया।
राधा यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
इसी बीच, राजपाल यादव की दूसरी पत्नी राधा यादव ने पहली बार इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक चर्चित मीडिया से बातचीत में राधा ने भावुक होते हुए कहा, सभी लोग उनके साथ खड़े हुए हैं। इंडस्ट्री बहुत सपोर्टिव रही है। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, जो हमारी मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने माना कि यह समय उनके परिवार के लिए बेहद कठिन है, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री के सहयोग ने उन्हें हिम्मत दी है।राजपाल के मैनेजर गोल्डी ने भी पुष्टि की कि कई बड़े सितारे लगातार संपर्क में हैं और आर्थिक रूप से सहयोग करने को तैयार हैं।
राजपाल यादव की दूसरी पत्नी राधा
अगर निजी जिंदगी की बात करें तो राजपाल यादव की पहली शादी 1991 में करुणा यादव से हुई थी, लेकिन बेटी ज्योति के जन्म के समय उनकी पत्नी का निधन हो गया। महज 20 साल की उम्र में यह बड़ा आघात झेलने के बाद राजपाल कई साल अकेले रहे। साल 2001 में फिल्म ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई’ की कनाडा शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात राधा से हुई। करीब दो साल तक एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने 10 मई 2003 को शादी कर ली। राधा ने न केवल राजपाल का घर दोबारा बसाया, बल्कि उनकी पहली पत्नी से हुई बेटी ज्योति की परवरिश की जिम्मेदारी भी निभाई।
इंडस्ट्री राजपाल के साथ मजबूती से खड़ी है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखाया कि पर्दे पर लोगों को हंसाने वाला कलाकार जब मुश्किल में होता है, तो इंडस्ट्री भी उसके साथ मजबूती से खड़ी दिखाई देती है।





