नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इंडस्ट्री में एक लंबा सफर तय कर चुके हैं। आज भी अभिनेता इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। साल 2011 के एक पुराने इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन ने अपनी संपत्ति को किस तरह से बांटना है इस बारे में बातचीत की थी। एक्टर ने इस दौरान यह कहा था कि वह अपनी संपत्ति को अभिषेक बच्चन और श्वेता नंदा बच्चन के बीच में बराबर-बराबर बांटना चाहते हैं।
कैसे होगा अमिताभ बच्चन की संपत्ति का बंटवारा
अमिताभ बच्चन ने इंटरव्यू के दौरान कहा था, ‘मैं अपने दोनों बच्चों में अंतर नहीं करूंगा। जब मैं मर जाऊंगा, तो मेरे पास जितनी भी संपत्ति है वह मेरी बेटी और बेटे को बराबर बांट दिया जाएगा। इस तरह से कोई भेदभाव नहीं होगा। जया और मैंने इस बारे में बहुत पहले फैसला ले लिया था। हर कोई कहता है की बेटी पराया धन होती है, लेकिन वह हमारी बेटी है उसके पास भी अभिषेक की तरह ही अधिकार है।
बेटी को पिता अमिताभ बच्चन ने दिया था गिफ्ट
पिछले साल ही अमिताभ बच्चन ने बेटी श्वेता नंदा को अपना बांग्ला जलसा गिफ्ट में दिया था। सूत्रों के मुताबिक, इस बंगले की कीमत 50 करोड़ रूपए है। इतना ही नहीं, अभिनेता ने बेटे अभिषेक बच्चन के साथ अपने रिश्ते पर भी बातचीत की थी। अमिताभ बच्चन ने बताया कि उनके साथ बेटे अभिषेक का व्यवहार काफी दोस्ताना है।
अभिषेक बच्चन के लिए बोले पिता अमिताभ बच्चन
अभिषेक बच्चन पर प्यार लुटाते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा, ‘मैंने जन्म से पहले ही सोच लिया था कि यदि बेटा होगा तो सबसे पहले वह मेरा दोस्त रहेगा। इस तरह से जब वह बड़ा होगा और मेरे जूते पहनना शुरू कर देगा उस दिन से वह मेरा दोस्त बन जाएगा। आज भी मैं अपने बेटे के साथ दोस्त की तरह ही व्यवहार करता हूं। मैं एक पिता के रूप में तब होता हूं जब उसके लिए परेशान होता हूं, उसको कोई सलाह देता हूं या उसके बारे में सोचता हूं।’
पांचवें स्थान पर है परिवार की रैंकिंग
बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई नामी परिवार है जिनमें से एक बच्चन परिवार भी है। हाल ही में अभिनेता का परिवार हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 द्वारा चौथी सबसे अमीर बॉलीवुड फैमिली की लिस्ट में शामिल हो गया है। अभिनेता के परिवार की कुल संपत्ति 1,600 करोड़ रुपए बताई गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने रैंकिंग को लेकर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं दी है।





