इटावा : कांग्रेसियों में आपस में चले लात-घूंसे, जिलाध्यक्ष के कपड़े फटे
इटावा, 10 जून (हि.स.) जनपद में बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते झगड़ा मारपीट में तब्दील हो गया। मारपीट की घटना में जिलाध्यक्ष के कपड़े फट गए और शहर अध्यक्ष और यूथ कॉंग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष घायल हो गए। दोनो पक्षों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिये हैं। इटावा कांग्रेस युथ कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण यादव ने बताया कि वह कांग्रेस कार्यालय में चल रही महारसोई का कामकाज देखने के लिए गए थे। तभी वहां पर मौजूद कांग्रेस के शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर उन्हें गाली-गलौज देना शुरू लर दिया। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो पल्लव दुबे ने उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दी जिसमें वह घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे से जान का खतरा है। इसलिए जब तक उन्हें प्रशासन के द्वारा सुरक्षा प्राप्त नहीं होती तब तक वह कार्यालय में धरने पर बैठे रहेंगे। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष पल्लव दुबे ने बताया कि यूथ कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव जिला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव के साथ मिलकर जातिवाद फैला रहे हैं। आये दिन अन्य जाति के लोगों के साथ गाली-गलौज करते रहते हैं। इसी क्रम में वह आज कार्यालय में महारसोई की जिम्मेदारी सम्भाल रहे थे। तभी अरुण यादव ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। उन्होंने किसी तरह से कार्यालय से भागकर अपनी जान बचाई। मारपीट की उस घटना में वह घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अरुण यादव पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह भू माफिया है। पुलिस और सरकार की कार्रवाई से बचने के लिए वह कांग्रेस पार्टी की राजनीति करत है। उन्होंने बताया कि अरुण यादव से उन्हें अपनी जान का खतरा है क्योंकि वह बहुत दबंग है जो कि आये दिन लोगों की जमीनें हड़पने के लिए मारपीट की घटनाएं करता रहता है। इस मसले पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। एसपी सिटी रामयश सिंह ने बताया कि कार्यालय में मारपीट की घटना हुई है। लेकिन किसी पक्ष की तरफ से अभी कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। पुलिस को प्रार्थना पत्र मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/दीपक-hindusthansamachar.in