हापुड़, 27 सितम्बर (हि.स.)। धौलाना पुलिस की शनिवार को आधी रात के बाद लूटपाट करने जा रहे दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने बंदी बना लिया। दूसरा बदमाश फरार होने में सफल रहा। पुलिस क्षेत्राधिकारी डा. तेजवीर सिंह ने रविवार को बताया कि थाना धौलाना के पुलिसकर्मी शनिवार रात गश्त पर थे। लगभग आधी रात के बाद उन्हें दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। अचानक गोली चलने के कारण स्वयं को सुरक्षित करते हुए बदमाशों पर जवाब में गोली चलाई। इस गोलीबारी में एक बदमाश पैर में गोली लग जाने के कारण घायल होकर गिर पड़ा। दूसरा बदमाश फरार होने में सफल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को बंदी बना दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने बदमाश से पूछताछ की तो उसने अपना नाम बागपत निवासी कैलाश बताया। उसने बताया कि फरार हुआ उसका साथी पिलखुवा निवासी शिब्बू है। पकड़े गए बदमाश ने बताया कि वह दोनों मिलकर शनिवार रात लूटपाट करने जा रहे थे। हिन्दुस्थान समाचार/ विनम्र व्रत त्यागी-hindusthansamachar.in