update-two-youths-died-in-road-rage-in-the-capital-delhi-accused-arrested
update-two-youths-died-in-road-rage-in-the-capital-delhi-accused-arrested

(अपडेट) राजधानी दिल्ली में रोडरेज में दो युवकों की मौत, आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन के पास सोम-मंगल की दरमियानी रात स्कूटी सवार दो युवक की महज इसलिए हत्या कर दी गई, क्योंकि स्कूटी सामने जा रही एक बाइक से टकरा गई। इस बात पर हुई कहासुनी में बाइक सवार एक युवक व नाबालिग ने स्कूटी सवार दो युवकों पर तब तक चाकू से वार किया, जब तक दोनों मूर्छित होकर गिर नहीं गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। दिल दहला देने वाली घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों को पकड़ लिया है। बाहरी जिले के एडिशनल डीसीपी सुधांशु धामा के अनुसार, मृत युवकों की पहचान नांगलोई शिवराम पार्क निवासी रोहित अग्रवाल (23) और बिहार के बेगुसराय निवासी घनश्याम (20) के रूप में हुई है। डीसीपी ने बताया सोम मंगल की दरमियानी रात उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन के पास गली में दो युवकों के घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। घायलों को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। युवकों की पहचान करने के बाद उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। मृतक रोहित अपने माता-पिता के साथ शिवराम पार्क में रहता था और बर्तन की दुकान में पिता का हाथ बटाता था। जबकि घनश्याम भी शिव राम पार्क इलाके में रहता था। मूलत: बेगूसराय, बिहार का रहने वाला घनश्याम नांगलोई में डेयरी चलाने वाले राजकुमार गुलाठी के यहां काम करता था और डेयरी में ही रहता था। रोहित और घनश्याम दोस्त थे। कैसे हुई घटना घटना वाली रात दोनों ज्वालापुरी में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रात करीब 12:40 बजे गली के पास आरोपितों की बाइक से उनकी स्टूकी की मामूली टक्कर हुई। तभी बाइक सवार आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। रोहित और घनश्याम ने गाली देने पर टोका और नाबालिग को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद नाबालिग ने चाकू निकाल लिया और फिर दोनों पर चाकू से ताबड़-तोड़ प्रहार किया। पोस्टमार्टम के दौरान दोनों के शरीर पर करीब पचास चाकू के निशान मिले हैं। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में कर कुछ ही घंटों में आरोपितों को दबोच लिया। एक आरोपित की पहचान एचएमबी कैंप निवासी प्रदीप कोहली (19) के रूप में हुई है। जबकि दूसरा नाबालिग है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि बाइक में स्कूटी टच करने पर विवाद होने और थप्पड़ मारने से वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in