06/05/2021 राजगढ़,6 मई (हि.स.)। नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ोदिया तालाब में पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुल्हाड़ी-फर्सी से हमला कर दिया, जिसमें दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को दोनों पक्ष के छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम बड़ोदिया तालाब निवासी देवराज (34) पुत्र शिवचरण चंद्रवंशी ने बताया कि पुरानेे विवाद को लेकर बीती शाम गांव के गोविंद पुत्र भंवरलाल, अर्जुन,बालाप्रसाद पुत्र गोविंद और रेशमाबाई पत्नी गोविंद चंद्रवंशी गाली-गलौंज करने लगे। विरोध करने पर फर्सी से हमला कर दिया, जिससे परिवार के लोग चोटिल हो गए। वहीं अर्जुन (30) पुत्र गोविंद चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि इसी बात को लेकर देवसिंह पुत्र शिवचरण,उसके भाई रामकृष्ण ने गाली-गलौंज करते हुए कुल्हाड़ी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के छह लोगों के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। हिन्दुस्थान समाचार। मनोज पाठक





