जोधपुर, 24 जून (हि.स.)। शहर के भीतरी क्षेत्र राजदादी अस्पताल के पास में स्वर्ण व्यापारी की दुकान पर दो दिन पहले काम पर रखे गए दो कारीगर 125 ग्राम सोना लेकर चंपत हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट की मदद लेकर कॉल लोकेशन का पता लगाया। बाद में दोनों को बीकानेर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया। सोना खरीदने वाले एक अन्य शख्स को भी पुलिस गिरफ्तार कर लाई है। इनकी निशानदेही पर 97 ग्राम सोना बरामद हुआ है। अन्य के बारे पड़ताल चल रही है। सदर बाजार थानाधिकारी बंशीलाल वैष्णव ने बताया कि सूरसागर स्थित रिडिया फांटा निवासी ईश्वरचंद पुत्र अमरचंद सोनी की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि वह सोने चांदी का कारोबार करता है। उसकी एक दुकान राजदादी अस्पताल के निकट ईश्वर ज्वैलर्स नाम से आई है। 21 जून को उसकी दुकान पर दो युवक आए और खुद को स्वर्ण कारीगर बताते हुए काम मांगा था। तब उनके आधार कार्ड को देखकर काम पर रख लिया गया। दोनों युवक पश्चिम बंगाल कोलकाता के रहने वाले हजरतअली पुत्र नूर अली और आशिक मंडल पुत्र सलीम मंडल थे। अगले दिन यानी 22 जून की सुबह एक अन्य कारीगर ने सूचना दी कि दोनों युवक सोना और थैली लेकर चंपत हो गए है। थानाधिकारी वैष्णव ने बताया कि घटना में मामला दर्ज करते हुए दोनों की मोबाइल लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर एक्सपर्ट हैडकांस्टेबल राकेश सिंह ने इनकी लोकेशन बीकानेर के जोशीपाडा में होना पाया। तब बीकानेर सदर कोतवाली थानाधिकारी एसआई नवनीतसिंह की मदद लेकर दोनों को पकड़ा जा सका। जोशीपाडा से ही इनके एक अन्य साथी जुम्मन मलिक उर्फ बादशाह पुत्र हनीफ को पकड़ा गया। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप




