shahjahanpur-one-of-the-cousins-missing-from-primary-school-was-found-dead-in-the-field-the-other-found-unconscious
shahjahanpur-one-of-the-cousins-missing-from-primary-school-was-found-dead-in-the-field-the-other-found-unconscious

शाहजहांपुर : प्राथमिक विद्यालय से लापता चचेरी बहनों में एक का शव खेत में मिला, दूसरी मिली बेहोश

शाहजहांपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के भानपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय से दो चचेरी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। देर रात एक बच्ची का शव खेत से बरामद हुआ। खोजबीन के बाद दूसरी बच्ची भी खेत में बोहोश मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर मुआयना किया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश कर रही है। पुलिस के अनुसार, कांट थाना क्षेत्र में गांव भानपुर निवासी बली हसन की सात साल की बेटी हुमा अपनी पांच वर्षीय चचेरी बहन आफरीन के साथ सोमवार अपरान्ह करीब साढ़े तीन बजे गांव के ही प्रथमिक विद्यालय पर नहाने गई थी। जिसके बाद दोनों बहनें अचानक लापता हो गईं। काफी देर तक जब दोनों बहनें घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान रात करीब नौ बजे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर ही संदीप कपूर के सरसों के खेत में आफरीन का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना से गांव में हड़कम्प मच गया। सूचना कांट पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों ने खोजबीन जारी रखी। करीब डेढ़ घण्टे बाद हुमा को अचेत अवस्था में उसी खेत से बरामद कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक एस आनंद व अन्य अधिकारियों ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घयाल बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है। दोनों बहनों के शरीर पर चोट के निशान मौजूद हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अमित/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in