बांदा, 18 मार्च (हि.स.)। फिल्म अभिनेता व गायक किशोर कुमार की नातिन के घर चोरी करने वाले लुटेरे को जीआरपी ने गिरफ्तार किया। चोरी करने वाला उनके घर काम करने वाला युवक ही निकला। जिसे बांदा में जीआरपी ने दबोच लिया और गुरुवार मुंबई पुलिस उसे रिमांड पर ले गई। मटौंध थाना क्षेत्र के अछरोंड गांव का मूल निवासी हर प्रसाद उर्फ लाला पुत्र दुर्गा प्रसाद वर्तमान में शहर के निम्नी कार मोहल्ले में रह रहा है। वह पिछले 8 वर्षों से मुंबई के सांताक्रुज निवासी गायक अमित कुमार के घर पर रहकर काम कर रहा था। वृंदा अमित गांगुली किशोर कुमार की नातिन और अमित कुमार की बेटी है। इस पर पूरा परिवार विश्वास करता था लेकिन वह घर का कीमती सामान लेकर चंपत हो गया। जिसकी रिपोर्ट वृंदा अमित गांगुली ने दर्ज कराई,जिसके आधार पर मुंबई पुलिस सक्रिय हुई और घटना की जानकारी जीआरपी को दी। आरोपी तुलसी एक्सप्रेस से बांदा आ रहा था, मुंबई पुलिस ने इसकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद जानकारी जीआरपी बांदा को दी। ट्रेन से उतरते ही उसे बांदा में गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार को आरोपी को रेलवे मजिस्ट्रेट प्रेम बहादुर सिंह के सामने पेश किया गया। वहां से रिमांड मिलने के बाद आरोपी को लेकर मुंबई पुलिस रवाना हो रही है।वहां से मुंबई पुलिस के एसआई शिवा शिंदे, हवलदार सिरसाठे बांदा आरोपी की रिमांड लेने आए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अनिल





