सुपौल, 12 मई (हि. स.)। शराब पकड़ने गई पुलिस पर मंगलवार की देर रात मेला रोड स्थित मोहल्ले के लोगों ने हमला कर दिया। लोगों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर भी बरसाए। इसमें दो जवानों को हल्की चोट भी लगी। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार पटना कंट्रोल रूम से सदर थाना की पुलिस को उनके इलाके में शराब की तस्करी होने की सूचना मिली थी।इसी सूचना पर पुलिस नगर परिषद वार्ड नं. 3 के इंदिरा नगर महादलित टोला में पहुंची। पुलिस ने वहां के एक घर से कुछ शराब भी बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार भी किया। पकड़े गए दोनों लोगों को जीप में बैठाकर कुछ जवान आगे बढ़ गए। अन्य जवान अपनी बाइक के पास जा ही रहे थे कि पीछे से भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और जवानों को लोगों ने खदेड़ा। जवान अपनी जान बचाकर भागे। पत्थरबाजी में एक हवलदार कृष्णा गोस्वामी सहित दो-तीन जवानों को चोट भी लगी। बाद में सूचना मिलने के बाद एसडीएम मनीष कुमार, सदर एसडीपीओ कुमार इन्द्रप्रकाश और थानाध्यक्ष विनोद कुमार भारी संख्या में पुलिस बल लेकर वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही मोहल्लवासियो ने अपने-अपने घरों को बंद कर लिया और बत्ती तक बूझा दी। बाद में पुलिस मोहल्ले के अंदर तक गई। लगभग एक घंटे तक भारी संख्या में बल मोहल्ले में मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ राजीव




