police-stopped-bike-caused-ruckus-4-jawans-injured-in-stone-pelting
police-stopped-bike-caused-ruckus-4-jawans-injured-in-stone-pelting

पुलिस ने बाइक रोकी तो हुआ बवाल,पथराव में 4 जवान घायल

भभुआ,28 मई(हि स)। शहर में लॉक डाउन का जायजा लेने निकली पुलिस पर शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया।घटना में चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। घायल पुलिस जवानों में अमन मांझी, रामप्रवेश कुमार, मनोहर कुमार व बादशाह शामिल हैं। बाइक सवार दंगा निरोधी दस्ता के जवान जब शुक्रवार की शाम वार्ड 14 में पहुंचे तब यह वाक्या हुआ। सभी घायल पुलिस जवानों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। बताया गया है कि शहर में लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए बाइक सवार दंगा निरोधी दस्ता के जवान भ्रमणशील थे। शहर में गश्ती के दौरान पुलिस जवानों ने वार्ड 14 की गली में काफी भीड़ देखी। जवान गली में गए और वहां खड़े लोगों से अपने-अपने घर में जाने के लिए कहा। इसी बीच दो बाइक सवार युवक बिना मास्क व हेलमेट के उसी गली से आए, जिन्हें देखकर जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन, वह बाइक मोड़कर भागने लगे। दोनों युवक अपनी बाइक छोड़कर मुहल्ले की ओर गए और काफी लोगों को उकसाकर अपने साथ लाए और पुलिस पर पथराव करने लगे। सूचना पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष रामानंद मंडल के साथ पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरु की। नगर थाने की पुलिस के पहुंचते ही शहर के वार्ड 14 में सभी लोग अपने घरों में चले गए। उक्त वार्ड में किसी के घर शादी समारोह भी था। जख्मी जवानों के बयान पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने व जानलेवा हमला करने का मुकदमा थाने में दर्ज किया गया है, जिसमें एक दर्जन असामाजिक तत्वों को आरोपित किया गया है। एसपी के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस अफसर व जवानों ने छापेमारी कर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया है। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/चंदा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in