mauranipur-shooting-demonstration-by-keeping-dead-bodies-for-the-arrest-of-the-accused
mauranipur-shooting-demonstration-by-keeping-dead-bodies-for-the-arrest-of-the-accused

मऊरानीपुर गोलीकांड: आरोपितों की गिरफ्तारी को शव रखकर किया प्रदर्शन

पुलिस अधीक्षक के लिखित आश्वासन के बाद किया अंतिम संस्कार झांसी, 17 जून(हि.स.)। दिल्ली में पोस्टमार्टम होने के बाद गुरुवार की सुबह कस्बा मऊरानीपुर में अशोक अग्रवाल का शव पहुंचा। इसके बाद पीड़ित परिजनों व मोहल्ले के लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर करीब 3 घंटे तक जमकर वबाल काटा। बाद में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा कठोर कार्रवाई के लिखित आश्वासन के बाद लोगों ने शव का अंतिम संस्कार किया। दुबे चौक में 13 जून को हुए गोलीकांड में दिल्ली ले जाते समय घायल अशोक अग्रवाल की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे अशोक का शव कस्बा मऊरानीपुर पहुंचा। शव के आने के बाद परिजन व मोहल्लेवासी फिर आक्रोशित हो उठे। उन्होंने शेष आरोपितों की गिरफ्तारी तक अन्तिम संस्कार न किए जाने की जिद करते हुए प्रदर्शन शुरु कर दिया। स्थानीय पुलिस व प्रशासन के लाख प्रयास के बाद जब परिजन नहीं मानें तो पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नेपाल सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपितों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। गुण्डा एक्ट की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके बाद गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी। और जो कुछ भी विधिक कार्रवाई होती है। उसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। इसके बाद भी परिजन अपनी जिद से नहीं डिगे। इस पर पुलिस अधीक्षक ने सभी बातें लिखकर उन्हें आश्वस्त किया। तब जाकर परिजन व मोहल्लेवासी आश्वस्त हुए। यह पूरा प्रदर्शन करीब 3 घंटे तक चलता रहा। उसके बाद मृतक अशोक अग्रवाल के शव को अन्तिम संस्कार के लिए ले जाया गया। यही नहीं लोगों ने पुलिस प्रशासन जिन्दाबाद के नारे भी लगाए। गौरतलब है कि 13 जून की देर रात दुबे चैक में दरवाजे के सामने रखी बाइक हटाने को लेकर अग्रवाल व सेठिया परिवार के बीच विवाद हो गया था। इसमें मारपीट के बाद जमकर फायरिंग हुई थी। इसमें अशोक,मुकेश व भोले अग्रवाल गंभीर रुप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान अशोक की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके चलते उसे दिल्ली ले जाया गया था। जहां पहुंचने के पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में सेठिया परिवार के सभी भाईयों समेत 8 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज करते हुए 5 लोगों की गिरफ्तारी कर ली है। तीन लोग अभी फरार चल रहे हैं। उन्हीं की गिरफ्तारी के लिए परिजन उग्र थे। हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in