जोधपुर, 09 मई (हि.स.)। कोरोना की दूसरी लहर से संक्रमण बढऩे और इसकी रोकथाम के लिए लगाए गए महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़ा व वीकेंड कफ्र्यू का रविवार को जोधपुर में व्यापक असर नजर आया। शहर में कोरोना केस बढ़ते देख अब पुलिस ने भी सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। यहां रविवार को हर प्रमुख रोड व चौराहों पर सन्नाटा नजर आया। निर्धारित समय सीमा के बाद सारे बाजार पूरी तरह बंद रहे। जगह-जगह नाकों पर पुलिस तैनात रही। बिना वजह निकले वाहन चालकों के चालान बनाए गए। हालांकि रविवार का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण लोग अपने घरों में ही रहे। यह वीकेंड कफ्र्यू सोमवार सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। उसके बाद लॉकडाउन की नई गाइडलाइन लागू हो जाएगी। प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए दो दिन का वीकेंड कफ्र्यू लगाया गया था जो सोमवार सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा। शहर में आज रविवार का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण लोग अपने घरों में ही रहे। आवश्यक काम पर जाने वाले लोग ही घरों से बाहर निकले। लोगों ने घरों में रहकर वीकेंड कफ्र्यू का समर्थन किया। लोगों के नहीं निकलने से शहर की प्रमुख सडक़ों व गलियों में भी ट्रैफिक का दबाव नजर नहीं आया। मुख्य सडक़ों व चौराहों पर पुलिस भी मुस्तैद रही। हालांकि पुलिस को वीकेंड कफ्र्यू का पालन कराने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। कुछ लोग घरों से निकले तो पुलिस ने रोका और पूछताछ की। लॉकडाउन का अनुभव और जानकारी होने के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले। डीसीपी पूर्व धर्मेंद्रसिंह यादव ने बताया कि वीकेंड कफ्र्यू पालना के लिए पुलिस नाके बना अधिकारी व जवान तैनात किए। यादव ने नाकों पर रूककर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही वहां से आने-जाने वाले वाहन चालकों व राहगीरों से घरों में रहने के लिए समझाइश भी की। बगैर आवश्यक सेवाओं के सडक़ों पर निकलने वाले वाहन चालकों के चालान बनाए गए। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर




