livin-partner-stabbed-kinnar39s-stomach-in-refusal-to-pay
livin-partner-stabbed-kinnar39s-stomach-in-refusal-to-pay

खर्चा देने से मना करने पर लिवइन पार्टनर ने किन्नर के पेट में घोंपा चाकू

नई दिल्ली, 04 मार्च (हि.स.)। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में किन्नर ने अपनी लिव-इन पार्टनर को खर्चा देने से मना क्या किया, उसकी शामत ही आ गई। आरोपित युवक ने बीच सड़क पर 21 वर्षीय किन्नर के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में पीड़ित सपना (बदला हुआ नाम) को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अरुणा आसफ अली अस्पताल भेज दिया गया। हमला कर फरार हो रहे आरोपित को गश्त कर रही पुलिस टीम ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर दबोच लिया। आरोपित की पहचान नीरज (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नीरज नशे का आदी है। सपना ने नीरज को इसी वजह से रुपये देने से इंकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक सपना किराए के फ्लैट में संत नगर बुराड़ी में रहती है। आरोपित नीरज की कुछ सालों पूर्व सपना से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और नीरज व सपना ने लिवइन में रहना शुरू कर दिया। नीरज नशे का आदी है। सपना के मुताबिक वह ही नीरज का खर्चा उठाती थी। रोज-रोज नशे के लिए नीरज रुपये मांगता था तो सपना उसे नशा करने के लिए मना करती थी। मंगलवार सुबह नीरज ने सपना से कुछ रुपये मांगे तो उसने मना कर दिया। इस बात पर नीरज आग बबूला हो गया। झगड़ा करने के बाद वह उसे देख लेने की धमकी देकर चला गया। आरोप है कि शाम के समय सपना बुराड़ी ट्रांसपोर्ट दफ्तर के पास रेड लाइट पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उसने सपना के पेट में चाकू घोंप दिया। सपना वहीं गिर गई। इस बीच आरोपित फरार होने लगा। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सपना को अस्पताल पहुंचाया। उधर बुराड़ी थाने के सिपाही महेश व आनंद गश्त पर मौजूद थे। उन्होंने नीरज को संदिग्ध हालत में भागते हुए देखकर रोका तो उसके पास से चाकू बरामद हुआ। पूछताछ करने पर आरोपित ने सपना को चाकू मारने की बात बताई। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। सपना का अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in