रांची, 14 मार्च (आईएएनएस)। गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र में 13 साल की बच्ची से गैंगरेप के मामले में सोमवार को सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से ज्यादातर आरोपी नाबालिग बताये जा रहे हैं। गैंगरेप की यह वारदात शनिवार की रात उस वक्त अंजाम दी गयी थी, जब 13 साल की बच्ची गांव में एक रिश्तेदार के घर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम के बाद हमउम्र चाचा और बहन के साथ अपने घर लौट रही थी। रास्ते में दस लड़कों ने उन्हें पकड़ लिया। पीड़िता की बहन और उसके चाचा को पीटकर भगा दिया और बच्ची को झाड़ी के पास लेकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे गांव के एक सरकारी स्कूल के समीप छोड़ दिया। पीड़िता ने घर पहुंच कर घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। अगली सुबह बिशुनपुर थाना में इस बाबत शिकायत की गई। सभी आरोपी पीड़िता के गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बच्ची की मेडिकल जांच कराई। इसे लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। रविवार को डीएसपी मनीष चंद्र लाल नेगांव पहुंचकर पीड़िता और उसके स्वजन से घटना की जानकारी ली। दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। –आईएनएस एसएनसी/एएनएम





