गोरखपुर : भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या
गोरखपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। गुलहरिया थानाक्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर गांव में शुक्रवार देररात भाजपा नेता और पूर्व प्रधान बृजेश सिंह को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शव को मेडिकल कॉलेज लाकर परिजन व ग्रामीण हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। प्रधान पद के दावेदार बृजेश सिंह जनसंपर्क कर रात में 11 बजे बाइक से मेडिकल कालेज रोड स्थित अपने आवास पर लौट रहे थे। इसी बीच हमलावरों ने उन्हें घेरकर सिर व सीने में गोली मार दी। नरायनपुर गांव के पूर्व प्रधान (52) वर्षीय बृजेश सिंह ग्राम प्रधान की सीट अनारक्षित होने पर इस बार दावेदार थे। नामांकन करने के लिए बृजेश ने पर्चा भी खरीद लिया था। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि हत्या किसने और क्यों की इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/पुनीत/दीपक