गाजियाबाद,16 मार्च (हि. स.)। हत्या, लूट, डकैती व रंगदारी जैसे संगीन गिरोहबंद अपराध कर अर्जित की गई कुख्यात बदमाश हरेंद्र खड़खड़ी की 30 लाख की सम्पत्ति लोनी पुलिस ने कुर्क कर ली। इस दौरान पुलिस ने डुगडुगी बजाई। पुलिस ने जो सम्पत्ति कुर्क की है वह लोनी कस्बे के मोहल्ला खुशाल पार्क स्थित 02 प्लाटों के रूप में है। पुलिस ने अभियुक्त की कुल 05 सम्पत्तियो को कुर्की के लिए चिन्हित किया गया था, जिनमे से 02 को आज कुर्क किया गया तथा शेष दो को अतिशीघ्र कुर्क किया जायेगा। एसपी देहात डॉ. इराज राजा ने बताया कि अभियुक्त हरेन्द्र पुत्र तेजपाल निवासी ग्राम खडखडी थाना लोनी गाजियाबाद एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्द हत्या,लूट,डकैती व रंगदारी की संगीन धाराओं के अभियोग दर्ज है। अभियुक्त थाना लोनी से टाँप-10 तथा हिस्ट्रीशीटर भी है। आज पुलिस ने डुगडुगी बजाई और अभियुक्त हरेन्द्र की अवैध क्रियाकलापों से अर्जित की गई संपति को उप्र गिरोहबंद, असामाजिक क्रिया कलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत जब्त की गई। उन्होंने कहा कि जो अपराध करेगा उसकी जगह जेल मे होगी और उसके द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति इसी प्रकार जब्त की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/फरमान/दीपक ।।।




