नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.) । बाहरी उत्तरी जिले के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने दो आरोपितों को वाहन चोरी और झपटमारी व लूट की वारदात में गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान रॉकी और गंगाराम के रूप में हुई है। आरोपितों के कब्जे से तीन चोरी की बाइक जब्त की हैं। आरोपितों के पकड़े जाने के बाद कई वारदातों का खुलासा करने का पुलिस ने दावा किया है। डीसीपी राजीव रंजन ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि लॉक डाउन के दौरान नरेला इंडस्ट्रियल एरिया इलाके में बेरिकेड्स लगाकर लोगों को लॉक डाउन का पालन करवाने की कोशिश कर रही है। साथ वाहनों की भी जांच कर रही है। जांच में मौजूद एसआई श्रवण कुमार, पीएसआई विकास, कॉन्स्टेबल मनोज की टीम मेट्रो विहार के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। उसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपित पुलिस को देखकर वहां से भागने लगे जिन्हें पीछा कर पेट्रोलिंग टीम ने धर दबोचा। आरोपितों से जब्त तीन बाइक इलाके से और सराय रोहिल्ला इलाके से चोरी की गई थी। आरोपित चोरी की बाइक पर वारदातों को अंजाम दिया करते थे। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी





