बेंगलुरु, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। ऑडी क्यू3 से जुड़े दुर्घटना मामले की जांच कर रही कर्नाटक पुलिस को पता चला है कि कार में सवार लोग जश्न मनाते हुए एक जॉय राइड (मस्ती भरा सफर) पर थे। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। कर्नाटक के बेंगलुरु में मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई थी। मंगलवार की अलसुबह यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब एक तेज रफ्तार ऑडी कार सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। इस हादसे में होसुर विधानसभा क्षेत्र से द्रमुक विधायक के बेटे सहित 7 लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसा बेंगलुरु के कोरमंगला में मंगलवार को आधी रात के बाद अलसुबह 1.30 बजे से 2 बजे के बीच हुआ था। कार में सवार तीन युवतियों समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच कर रही औदुगोडी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए हैं, जिसमें स्पष्ट रूप से पीड़ितों को शराब की खरीदारी करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के पास उपलब्ध वीडियो फुटेज में दो पीड़ितों को कोरमंगला से बाहर जाते हुए और रात लगभग 8.40 बजे शराब की दुकान में घूमते हुए देखा गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुकान में लगभग 10 मिनट बिताने के बाद, वे एक कैरी बैग के साथ लौटते हैं और वीडियो फुटेज में वे इसे अपने बैग में डालते हुए दिखाई देते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि सभी पीड़ितों ने जॉय राइड से पहले एक दोस्त के यहां पार्टी की थी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से तीन मोबाइल बरामद किए हैं और पुलिस अब लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि रात्रि कर्फ्यू के कारण खाली पड़ी सड़कों पर कार को काफी तेज रफ्तार में दौड़ाया जा रहा था। यही नहीं, कार को न केवल तेज रफ्तार में चलाया जा रहा था, बल्कि इसे जिगजैग तरीके से यानी सीधी लेन में चलाने के बजाय मस्ती के अंदाज में सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे पर ले जाते हुए दौड़ाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने यह भी कहा कि कई जगहों या नाकों पर पुलिस वाहन को रोक नहीं सकी, क्योंकि वह तेज गति में था। पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि कार की तेज रफ्तार के दौरान एक फूड डिलीवरी ब्वॉय को टक्कर लगने से भी कार बाल-बाल बची थी। पीड़ितों को सनरूफ (कार की ऊपरी सतह के खुलने का विकल्प) का इस्तेमाल करते हुए खड़े होकर तेज आवाज में गाने सुनने का आनंद लेते हुए भी देखा गया। इस भीषण दुर्घटना में द्रमुक (डीएमके) विधायक प्रकाश वाई. का बेटा करुणा सागर पी (25); बिंदू सी. (28), एक निजी कंपनी में कर्मचारी; धनुष एम. (29) एक दंत चिकित्सक; निजी कार शोरूम में वरिष्ठ बिक्री सहयोगी अक्षय गोयल (25); एडटेक फर्म के साथ काम कर रहे रोहित लाडवा (23); एक बहुराष्ट्रीय कंपनी के साथ काम करने वाली इशिता बिस्वास (21); अकाउंटेंट उत्सव कुमार (25) की मौत हो गई है। करुणा सागर ही अकेला ऐसा था, जो बेंगलुरु में नहीं रहता था और बिंदु से मिलने आया था। धनुष और अक्षय गोयल केरल के थे, रोहित लाडवा हुबली का रहने वाले था। इशिता बिस्वास नागपुर से और उत्सव कुमार हरियाणा से था। जिस तेज रफ्तार कार में वे सवार थे, उसने फुटपाथ पर चढ़कर तीन कंक्रीट के खंभों को तोड़ दिया और फिर यह कोरमंगला में 80 फीट चौड़ी सड़क पर एक निजी बैंक की इमारत से टकरा गई। सभी पीड़ित बिंदु के जरिए करुणा सागर के संपर्क में आए थे। करुणा सागर और बिंदु की शादी करने की योजना थी। बिंदु और अन्य एक ही को-लिविंग स्पेस में रह रहे थे। बिंदु का परिवार मुरुगेशपाल्या में रहता है और वह एक को-लिविंग स्पेस में रहती थी, क्योंकि इससे काम पर जाना सुविधाजनक था। पुलिस सूत्र बताते हैं कि बिंदु को चेन्नई में नौकरी मिल गई थी और वहां जाने से पहले करुणा सागर उसे विदाई पार्टी देना चाहता था। बिंदु ने अपने सभी दोस्तों को पार्टी में आमंत्रित किया था और वे एक जॉय राइड के लिए चले गए, जो इस तरह की त्रासदी में बदल गया और सभी की जिंदगी ही समाप्त हो गई। –आईएएनएस एकेके/एएनएम




