गांजा तस्करी में लिप्त एक तस्कर गिरफ्तार
बरपेटा (असम), 10 जनवरी (हि.स.)। बरपेटा जिला के 04 नंबर भातकुची गांव में पुलिस ने अभियान चलाकर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बरपेटा सदर थाने के पुलिस अधिकारी तपन कुमार मेधी के नेतृत्व में सप इंस्पेक्टर बकुल इंग्ती के सहयोग से चलाए गए अभियान के दौरान बीती मध्य रात्रि को बाबर अली नामक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। तस्कर के पास से लगभग 05 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तार बाबर अली बरपेटा जिले के विभिन्न हिस्सों में गांजा का सप्लाई किया करता था। बरामद गांजा की कीमत 25 हजार रुपये से अधिक बतायी गयी है। ज्ञात हो कि शनिवार को जनिया बाजार से गांजा सहित निताई दास नामक एक गांजा तस्कर को बरपेटा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार गांजा तस्कर से सघन पूछताछ कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार /असरार/ अरविंद-hindusthansamachar.in