महिला नेत्री से छेड़छाड़ में दो निष्कासित, भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- महिला नेत्री के घर जाकर रुपयों का लालच देकर की थी छेड़खानी जालौन, 12 जून (हि.स.)। भाजपा की महिला नेत्री से छेड़छाड़ करने के आरोप में पार्टी से निकाले गए दो निष्कासित भाजपा नेताओं की मुश्किलें अब बढ़ने लगी हैं। पार्टी स्तर पर कार्रवाई के बाद अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताते चलें कि, भाजपा के दो निष्कासित नेता प्रेम वर्मा व रामू गुप्ता पर पार्टी की एक महिला नेत्री से छेड़खानी के आरोप लगे थे। आरोप है कि यह नेता महिला नेत्री के घर गए और वहां पर उसे रुपयों का लालच देकर नेत्री से छेडखानी करने लगे। इस मामले में पीडिता ने भाजपा जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना से शिकायत की थी। जिसके बाद पार्टी की ओर से एक जांच समिति बनाई गई। जिसमें इन दोनों नेताओं पर लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष ने दोनों नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। अब इन पर पुलिस का शिकंजा कसना भी शुरू हो गया है। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद इन नेताओं की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। बताते चलें कि, इनमें एक नेता पार्टी में पदाधिकारी रहा है तो दूसरा नेता पार्टी के ही एक जनप्रतिनिधि का खासमकृखास है। जो लगातार जनप्रतिनिधि का साया बनकर उनके साथ रहता है। अब देखना यह है कि पुलिस इन आरोपी नेताओं की गिरफ्तारी में कितना समय लेती है। हिन्दुस्थान समाचार/अनिल शर्मा-hindusthansamachar.in